अब यह सामने आया कि छात्रा अलीशा ने जुलाई में नजीबाबाद (बिजनौर) के आर्य समाज मंदिर में प्रेमी गगन से शादी कर ली थी और अब उसकी पहचान अदिति के तौर पर होती है। पिछले चार दिन से ज्वालापुर क्षेत्र से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। दोनों लोग अलग अलग समुदाय से ताल्लुक रखते हैं लिहाजा पुलिस फूंक फूंक कर कदम रख रही थी।
पुलिस छात्रा को बरामद कर ही पाती कि हाईकोर्ट में छात्रा ने अपनी और अपने पति गगन की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा मुहैया कराने के लिए याचिका दायर कर दी। हाईकोर्ट ने इस संबंध में हरिद्वार पुलिस से पूरी विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। पुलिस ने रिपोर्ट भी भेज दी। शनिवार को छात्रा की याचिका पर हुई सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने दोनों लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने का आदेश दिया है।
एसएसआई संजीव थपलियाल ने बताया कि दोनों लोगों सुरक्षा मुहैया कराने का आदेश हाईकोर्ट ने दिया है लेकिन अभी वह लोग संपर्क में नहीं हैं। वहीं छात्रा और एलएलबी के छात्र युवक का आर्य समाज मंदिर नजीबाबाद से जारी विवाह करने का प्रमाणपत्र सामने आया है। युवती ने अपना नाम अलीशा उर्फ अदिति लिखा है और जुलाई माह में शादी होने की बात सामने आई है।