पद से जल्द हटाए जाने की अटकलों के बीच उत्तराखंड राज्यपाल डॉ. अजीज कुरैशी बुधवार को देहरादून लौट आएंगे।
उनके नए बयान से मामले ने पकड़ा तूल
रविवार को केंद्रीय गृह सचिव के टेलीफोन पर इस्तीफे की पेशकश करने के बाद राज्यपाल सोमवार को दिल्ली रवाना हो गए थे। वहां उनके नए बयान से मामले ने और तूल पकड़ लिया।
राज्यपाल ने मीडिया से स्पष्ट तौर पर इस्तीफा न देने की बात कही थी जिसके बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
सूत्रों की मानें तो राज्यपाल ने दिल्ली में भाजपा के कुछ बड़े नेताओं से मिलकर अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर साफ-सफाई दी है।
वहीं भाजपा में ही एक ऐसा खेमा है जो देश के अन्य राज्यों की तरह ही उत्तराखंड में भी राज्यपाल बदलने पर अड़ा है। राज्यपाल के खुलेआम इस्तीफा न देने के बयान के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
बढ़ गई डॉ. अजीज कुरैशी की मुश्किलें
कमला बेनीवाल की तरह ही केंद्र सरकार को चुनौती देने वाला उनका बयान उन्हें उसी राह की ओर ले जा सकता है।
सूत्रों की मानें तो राज्यपाल ने केंद्रीय नेताओं से चारधाम यात्रा, नंदादेवी राजजात यात्रा आदि का हवाला देकर कुछ समय मांगा है। इस मामले में प्रदेश के कुछ भाजपा नेता भी राज्यपाल की वकालत कर रहे हैं।