करीब चार महीनों से हटने और तबादले की खबरों के बीच राज्यपाल डॉ. अजीज कुरैशी साल 2014 के आखिर में चले ही जाएंगे। मंगलवार को राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने उनका तबादला मिजोरम के राज्यपाल के पद पर कर दिया।
नई नियुक्तियों एवं प्रभार के बदलाव की जानकारी देते हुए राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मेघालय के राज्यपाल कृष्ण कांत पॉल को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पॉल सेवानिवृत्त आईपीएस हैं और दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त रह चुके हैं। यूपीए सरकार ने अगस्त 2013 में उन्हें राज्यपाल बनाया था।
पॉल पर उत्तराखंड के साथ मणिपुर का भी अतिरिक्त भार रहेगा जबकि मेघालय का जिम्मा पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी को सौंपा गया है।
डॉ. कुरैशी करीब ढाई साल तक उत्तराखंड के राज्यपाल रहे। मध्यप्रदेश कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रहे डॉ. कुरैशी मई 2012 में उत्तराखंड भेजे गए थे। उनका कार्यकाल अभी मई 2017 तक बाकी है।