फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उभरती एथलीट गरिमा जोशी के इलाज का खर्च उठाएगी उत्तराखंड सरकार

Mon, 13 Aug 2018 01:57 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
सीएम रावत के साथ एथलीट गरिमा जोशी
विज्ञापन

उत्तराखंड की उभरती धाविका गरिमा जोशी के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। गरिमा बंगलूरू में अभ्यास से लौटते वक्त कार की टक्कर में घायल हो गई थीं। गरिमा की रीढ़ की हड्डी में गहरी चोट है। उसके इलाज के लिए पांच लाख रुपये से अधिक की आवश्यकता है। वहीं रविवार को खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने भी गरिमा के पिता से फोन पर बात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। 

विज्ञापन


मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि अल्मोड़ा के चिलियानौला गांव की धाविका कुमारी गरिमा जोशी के इलाज के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी भी दी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने धाविका गरिमा जोशी को 27 मई 2018 को बंगलूरू में 10 किमी की राष्ट्र स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए 25 हजार रुपये की धनराशि की मदद की थी। 

रविवार को खबर प्रकाशित होने के बाद खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने गरिमा के पिता पूरन चंद्र जोशी से फोन पर वार्ता की। पांडेय ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भी भेजा है। जिसमें गरिमा का इलाज सरकारी खर्च पर कराने की बात कही है। हालांकि गरिमा के पिता का कहना है कि करीब 36 दिन पहले उन्होंने उसके इलाज के 2.5 लाख रुपये के बिल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के पत्र के साथ जमा कराए थे लेकिन उनका अभी तक भुगतान नहीं हो पाया है।
विज्ञापन


मदद को बढ़ने लगे हाथ
गरिमा के इलाज में मदद करने के लिए रविवार को कई लोग सामने आए। गरिमा के पिता पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि हीरा सिंह अधिकारी, गुरमीत सिंह चड्ढा, युवा कल्याण के कर्मचारियों सहित कई लोगों से करीब 90 हजार रुपये की मदद मिली है।

कौन है गरिमा 
गरिमा का चयन 27 मई को बंगलूरू में इंटरनेशनल एसोसिएट ऑफ एथलेटिक्स फेडरेशन की ओर से आयोजित होने वाली हाफ मैराथन के लिए हुआ था। प्रतियोगिता में गरिमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर के करीब 11 हजार एथलीटों के बीच छठा स्थान हासिल किया। इसके बाद मणिपाल में होने वाली अगली प्रतियोगिता के लिए गरिमा बंगलूरू में रहकर अभ्यास करने लगीं। 31 मई को अभ्यास से लौटते समय एक कार ने गरिमा को टक्कर मार दी और वह गंभीर घायल हो गईं थीं।

आप भी करें गरिमा की मदद
आप भी अपनी तरफ से गरिमा के उपचार में सहयोग कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए उनके पिता पूरन चंद्र जोशी के मोबाइल नंबर 8938822456 पर संपर्क किया जा सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें