खेल दिवस के मौके पर राज्य सरकार ने एकता बिष्ट और मानसी जोशी समेत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर चमक बिखेरने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रदेश के 18 अंतरराष्ट्रीय और 162 राष्ट्रीय खिलाड़ियों और कोच को नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।
मंगलवार शाम सर्वे चौक स्थित महिला आईटीआई स्थित आईआरटीडी ऑडिटोरियम में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय, सुबोध उनियाल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, उमेश शर्मा, खजान दास, महेश नेगी व मगन लाल शाह ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
एकता बिष्ट और मानसी जोशी को पांच-पांच लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं उनके कोच लियाकत अली और वीएस रौतेला को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। ऊधमसिंह नगर के एथलीट गुरमीत सिंह को सबसे अधिक साढ़े छह लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई।
इन्हें मिला सम्मान
mansi
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने के लिए उन्हें साढ़े पांच लाख और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेडल जीतने के लिए एक लाख रूपये की धनराशि दी गई। धारचूला के एथलीट मान सिंह को पांच लाख, चमोली निवासी ओलंपियन मनीष रावत को चार लाख, ऊधमसिंह नगर की एथलीट एल दीपमाला देवी को कुल पांच लाख (तीन लाख अंतरराष्ट्रीय व दो लाख राष्ट्रीय) और नंबर एक जूनियर बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को ढाई लाख रुपये दिए गए। ओलंपियन मनीष रावत के कोच अनूप बिष्ट को दो लाख रुपये का पुरस्कार मिला। एथलीट सुरेंद्र सिंह को भी दो लाख रुपये का चेक दिया गया।
राज्य स्तरीय खिलाड़ियों में रुड़की के केनोई स्प्रिंट खिलाड़ी सन्नी कुमार व अजीत सिंह को ढाई लाख, दून के शूटर विजय चौधरी को दो लाख, दून की आइस स्केटिंग खिलाड़ी निष्ठा पैन्यूली को 1.87 लाख, काशीपुर के वेट लिफ्टर गुलाम नबी व रुड़की की केनोई स्प्रिंट खिलाड़ी सोनिया राणा को डेढ़ लाख, रुड़की के केनोई स्प्रिंट खिलाड़ी बंकिम अमुतोंबी सिंह को 1,37,500, अल्मोड़ा के लक्ष्य सेन व स्नेहा रजवार, दून के एथलीट आशीष सिंह को 1.25 लाख, दून के शूटर भावेश शेखावत को 1,12,500, मनोज को एक लाख तीन हजार 125 रुपये, अनुज सिंह को एक लाख 750 रुपये, टिहरी के जूड़ो खिलाड़ी सोहन सिंह रावत, रुड़की के केनोई स्प्रिंट खिलाड़ी सोनू कुमार, धीरज कुमार को एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार मिला। इस अवसर पर प्रदेशभर के खिलाड़ी मौजूद रहे।