उत्तराखंड में शिक्षा सत्र 2020-21 के कक्षा एक से 12वीं तक के सात लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को पाठ्य पुस्तकों के लिए धनराशि दी जाएगी। इसके लिए शासन स्तर से जिलों को धनराशि जारी कर दी गई है। अब जल्द छात्र-छात्राओं के खातों में धनराशि भेज दी जाएगी।
शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि पूर्व में छात्रों को पाठ्य पुस्तकें निशुल्क उपलब्ध कराने के संबंध में आदेश जारी किया गया था, लेकिन शासन की ओर से अब विचार कर निर्णय लिया गया है कि छात्रों को पाठ्य पुस्तकों के बजाए डीबीटी के माध्यम से धनराशि दे दी जाए। शिक्षा सचिव ने बताया कि पाठ्य पुस्तकों के लिए 2225 लाख की धनराशि अनुमोदित की गई है। जिसमें से 1625 लाख से अधिक की धनराशि जिलों को भेज दी गई है।
किस जिले को भेजी गई कितनी धनराशि
अल्मोड़ा को 112.64 लाख, बागेश्वर को 57.74 लाख, चमोली जिले को 79.07 लाख, चंपावत को 53.47 लाख, देहरादून को 180.41 लाख, हरिद्वार को 294.22 लाख, नैनीताल को 144.25 लाख, पौड़ी को 106.01 लाख, पिथौरागढ़ को 83.76 लाख, रुद्रप्रयाग को 52.56 लाख, टिहरी को 119.70 लाख, यूएस नगर को 271.17 लाख और उत्तरकाशी जिले को पाठ्य पुस्तकों के लिए 70.44 लाख की धनराशि जारी कर दी गई है।
सरकारी स्कूल, अशासकीय स्कूल, मान्यता प्राप्त मदरसे, जो तय पाठ्यक्रम को लागू करते हैं, उनके बच्चों को पाठ्य पुस्तकों के लिए धनराशि दी जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक बच्चे के पास पाठ्य पुस्तकें हों, यह सुनिश्चित कर लें।
- आर मीनाक्षी सुंदरम, शिक्षा सचिव