राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को यहां आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनावी मोड पर नजर आए। उन्होंने निगम कर्मचारियों और राशन विक्रेताओं के लिए झोली खोली। सीएम ने कहा कि राज्य कर्मचारियों की भांति निगम कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 17 से बढ़ाकर 28 प्रतिशत किया जाएगा। हालांकि, इसके लिए निगम को अपने बोर्ड में इस प्रस्ताव को पास करना होगा। उन्होंने राशन विक्रेताओं का लाभांश 18 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपए प्रति क्विंटल करने की भी घोषणा की।
हल्द्वानी के मिनी स्टेडियम में आयोजित उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे सीएम ने कहा कि युवाओं के विकास के लिए हल्द्वानी स्थित उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में आईटी अकादमी बनेगी। उन्होंने पूर्व सीएम एनडी तिवारी के गांव बल्यूटी की सड़क का नाम नारायण दत्त तिवारी मार्ग करने और हल्द्वानी के मिनी स्टेडियम की दर्शक दीर्घा में टिनशेड बनाने की भी घोषणा की।
सीएम ने कहा कि युवा प्रदेश जब 2025 में अपने स्थापना की रजत जयंती मनाएगा तो हम पूरे देश में आदर्श राज्य के रूप में अपने को प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके चार महीने के कार्यकाल में कर्मचारी संगठनों, आंगनबाड़ी वर्करों और आशाओं की मांगों का समाधान किया गया है। 24 हजार लोगों को सरकारी नौकरी देने के लक्ष्य के तहत 12 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
सीएम ने कहा कि जल्द ही कुमाऊं से अयोध्या के लिए सीधी ट्रेन चलाई जाएगी। इसे लेकर उनकी रेल मंत्री से वार्ता हो चुकी है। यह भी जोड़ा कि वह कोरी घोषणा नहीं करते हैं। घोषणा के तुरंत बाद उसका शासनादेश भी जारी कर देते हैं। सीएम ने यह भी कहा कि सड़कों के गड्ढे भरने के लिए फिर से एक हफ्ते का समय दिया गया है। यदि गड्ढे नहीं भरे गए तो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर राज्य आंदोलनकारियों, शहीदों के परिजनों, आपदा में लोगों की जान बचाने वाले एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और सेना के जवानों, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों को सम्मानित भी किया गया।
21 साल का हुआ उत्तराखंड: पहाड़ में आज भी रोडवेज बसों का है इंतजार, निजी बस या डग्गामारी पर ही निर्भरता
24 हजार रिक्त पद जल्द भरे जाएंगे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार 24 हजार सरकारी पदों पर जल्द ही नियुक्ति करेगी। 12 हजार पदों में नियुक्ति की प्रक्रिया गतिमान है। जल्द ही बचे हुए 12 हजार पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
बागेश्वर-टनकपुर रेलवे लाइन के लिए मिले हैं 28 करोड़
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनते ही वह बागेश्वर-टनकपुर 155 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए केंद्र सरकार ने 28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। यह रेल लाइन कुमाऊं की लाइफ लाइन होगी।
कांग्रेस की कहीं विजय नहीं होने वाली : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस की विजय यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिसकी विजय ही नहीं होनी है, ऐसे मुद्दे पर बात करने से कोई फायदा नहीं है। नैनीताल रोड स्थित शहीद स्थल पर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित करने के बाद सीएम ने कहा कि कांग्रेस की कहीं विजय नहीं होने वाली है। फिर भी विजय यात्रा निकाली जा रही है। ऐसे मुद्दे पर बात करने से किसी को फायदा नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपनल के आंदोलनरत लोगों को वार्ता के लिए आगे आना चाहिए।