उत्तराखंड ने पहली बार संतोष ट्रॉफी के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। सोमवार को क्वालीफायर मुकाबले में चंडीगढ़ के खिलाफ जीत के साथ उत्तराखंड को यह कामयाबी मिली।
टॉप-10 में उत्तराखंड
इस जीत के साथ उत्तराखंड टॉप-10 टीमों में भी शामिल हो गया है। अखिल भारतीय फुटबाल संघ (एआईएफएफ) ने संतोष ट्रॉफी मुकाबलों के नियमों में बदलाव करते हुए देश को पांच जोन में बांटा था।
हर जोन को दो ग्रुप में बांटा गया था। नॉर्थ जोन से पंजाब और उत्तराखंड ने क्वालीफाई किया। इस सफलता में उत्तराखंड पुलिस के सौरभ रावत और अशोक ने अहम भूमिका निभाई। दिल्ली में नॉर्थ जोन क्वालीफायर के अंतिम मैच में सोमवार को उत्तराखंड का मुकाबला चंडीगढ़ से हुआ।
मुख्य ड्रॉ में प्रवेश का सपना पूरा
अक्षरधाम के समीप खराब मैदान के बावजूद रोमांचक मुकाबले में उत्तराखंड ने जीत दर्ज की। मैच खत्म होने के पांच मिनट पहले सौरभ ने शानदार गोल कर संतोष ट्रॉफी के मुख्य ड्रॉ में प्रवेश का सपना पूरा किया।
इससे पहले उत्तराखंड ने दिल्ली को 3-2 से हराया था। इसमें सौरभ ने 2 और अशोक ने 1 गोल दागा था। दूसरे मैच में उत्तराखंड ने हरियाणा के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला। इसमें अशोक ने एक गोल किया।