प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अंतिम मतदाता सूची पर असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने चुनाव आयोग से 13 लाख से अधिक हटाए गए मतदाताओं का विधानसभा-वार पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की।
राजीव भवन में मीडिया से वार्ता में उन्होंने कहा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी. पुरुषोत्तम की ओर से घोषित मतदाता सूची में गड़बड़ी है। उनका आरोप है कि हटाए गए अधिकतर मतदाता वोट चोरी के फॉर्मूले से हटाए गए हैं। धस्माना ने बताया कि फॉर्म-छह और फॉर्म-सात में हुई गड़बड़ी उजागर हुई है।
इंडिया गठबंधन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित धांधली के विरोध में उत्तराखंड में व्यापक आंदोलन चलाने का एलान किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में हुई बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई ।
बैठक में एसआईआर प्रक्रिया में सामने आ रही कथित अनियमितताओं पर विस्तृत चर्चा हुई। नेताओं ने मतदाता सूचियों में मनमाने ढंग से नाम जोड़ने या हटाने और मतदाताओं को परेशान करने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।ये भी पढे़ं...UK Top News: एसआईआर के बाद बदली वोटर लिस्ट, जाम में फंसा लॉन्ग वीकेंड, केदारनाथ में बढ़ा आक्रोश; पढ़ें अपडेट
आंदोलन की रणनीति
बैठक में मतदाता बचाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने का संकल्प लिया गया। निर्णय लिया गया कि एसआईआर प्रक्रिया से प्रभावित प्रत्येक नागरिक की आवाज उठाएंगे। बैठक में इन्द्रेश मैखुरी, अतुल सती, अतुल शर्मा, राजेन्द्र नेगी, शंकर गोपाल, पुरोहित और शीशपाल सिंह बिष्ट सहित कई नेता उपस्थित रहे।