एग्जिट पोल के नतीजों से भाजपा की उम्मीदें भी परवान पर हैं। तकरीबन आधे न्यूज चैनल या एजेंसियों ने यदि कांग्रेस को बढ़त दिखाई है तो इतनी ही एजेंसियां या चैनलों के एग्जिट पोल में भाजपा भी जादुई आंकड़े के करीब या उसके पार पहुंच रही है। असल तस्वीर तो 10 मार्च को ही सामने आएगी, लेकिन फिलहाल कांग्रेस की तरह भाजपा के चेहरे पर भी चमक दिखाई दे रही है। सर्वे के नतीजों पर भाजपा उन्हीं चैनलों या न्यूज एजेंसियों का हवाला दे रही है, जिन्होंने अपने एग्जिट पोल में उसे सरकार बनाते हुए या सरकार बनाने की स्थिति में दिखाया है।
भाजपा को प्रचंड बहुमत नहीं
किसी भी न्यूज चैनल या एजेंसी के एग्जिट पोल में भाजपा उत्तराखंड में प्रचंड बहुमत के पास नहीं है। हालांकि, पार्टी ने अबकी बार साठ पार का संकल्प लिया था, लेकिन कुछ एग्जिट पोल में तो वह 22 से 28 सीटों पर भी सिमटती दिखाई गई है। एग्जिट पोल में उसके खाते में अधिकतम 43 सीटें दर्ज होती दिखी हैं। जबकि, एक समाचार एजेंसी ने कांग्रेस को अधिकतम 46 सीटें दिखाई हैं।
एग्जिट पोल के नतीजे भाजपा की जीत के संकेत : चौहान
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने विभिन्न एग्जिट पोल के परिणाम को भाजपा की जीत का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी चैनलों पर दिखाए इन परिणामों की प्रक्रिया का स्वागत करती है। हमें विश्वास है भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। पिछले चुनाव में भी कुछ इसी तरह के एग्जिट पोल सामने आए थे और भाजपा ने 57 सीटें जीती थीं। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद आए तमाम सर्वे में से अधिकांश में भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिया गया है।
एग्जिट पोल के नतीजे चाहे जो हों, लेकिन हम अपने कार्यकर्ताओं के जमीनी फीडबैक के आधार पर पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि 10 मार्च को भाजपा पूर्ण बहुमत हासिल करेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी। -मदन कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
एग्जिट पोल में भाजपा की सरकार बन रही है, लेकिन जितनी सीटें बताई जा रही हैं, भाजपा उससे अधिक सीटें जीतेगी। हम पूर्ण बहुमत से प्रदेश में सरकार बनाएंगे। -पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
जब यूपी में हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी, तब एग्जिट पोल में 40-50 सीटें दिखाई गई थीं। ये एग्जिट पोल निराधार हैं। उत्तराखंड में हमारी पार्टी के बिना सरकार नहीं बनेगी। हम यहां छह से आठ सीटें जीतने जा रहे हैं। यूपी में भी बहन मायावती पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। -शीशपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, बसपा
एग्जिट पोल की बहुत सत्यता नहीं होती, क्योंकि एग्जिट पोल और पैकेज रिलेटिड होता है। मैं समझ रहा हूं कि समाजवादी पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी। विधानसभा में पार्टी की उपस्थिति होगी। -डॉ. एसएन सचान, प्रदेश अध्यक्ष, सपा