कांग्रेस के स्टार प्रचार एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली में देहरादून शहर और आसपास की विधानसभा सीटों पर टिकट के दावेदारों ने भीड़ जुटाने में दमखम दिखाया। परेड मैदान में जुटी भीड़ से उत्साहित दावेदार अब टिकट के लिए और जोर आजमाइश करेंगे। परेड मैदान की भीड़ के जरिए चुुनावी मैदान मारने की रणनीति पर भी दावेदारों के साथ ही पार्टी संगठन का फोकस रहेगा। पार्टी के पदाधिकारियों ने इस बात के संकेत दिए हैं।
गौरतलब है कि परेड मैदान में हुई विजय सम्मान रैली में अधिक से अधिक भीड़ जुटाने के लिए पार्टी के कई शीर्ष नेता, जिलों, शहर, बूथ स्तर तक के पदाधिकारी, आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदारों से लेकर और पार्टी के आम कार्यकर्ता भी तैयारी में जुटे हुए थे।
इसके अलावा कांग्रेस सेवादल भी रैली की तैयारी में लगा हुआ था। पार्टी के बड़े नेताओं ने टिकट के दावेदारों को लक्ष्य सौंपते हुए अधिक से अधिक लोगों को रैली में लाने को कहा था। साथ ही यह भी इशारा किया था कि जो जितनी भीड़ लाएगा पार्टी में उन्हें टिकट मिलने की उतनी ही ज्यादा गारंटी रहेगी। टिकट के लिए भीड़ का पैमाना तय होने पर दावेदारों ने भी इसके लिए पूरी ताकत झोंक दी।
इन नेताओं ने यहां से दिखाया दमखम
कैंट विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में दावेदारों ने दमखम दिखाया। इनमें सूर्यकांत धस्माना, लालचंद शर्मा, वीरेंद्र पोखरियाल, वैभव वालिया, अभिनव थापर, दीप बोरा और नवीन जोशी आदि ने भी खूब भीड़ जुटाई। इसी तरह, रायपुर सीट से प्रभूलाल बहुगुणा, महेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरुजी’, ओमप्रकाश सती बब्बन, महेश जोशी आदि भीड़ के साथ पहुंचे। सहसपुर से आर्येद्र शर्मा के साथ खासी भीड़ नजर आई। राजपुर रोड सुरक्षित सीट पूर्व विधायक राजकुमार, संजय कनौजिया, कमलेश रमन आदि ने भी शक्ति प्रदर्शन किया। वहीं, मसूरी विधानसभा क्षेत्र से गोदावरी थापली, जोत सिंह बिष्ट, राजकुमार जायसवाल आदि के साथ भी खासी भीड़ नजर आई। इसी तरह, धमर्पुर से पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल आदि भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लेकर पहुंचे।