मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, आम आदमी पार्टी के कर्नल अजय कोठियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। अमर उजाला ने इन सभी हॉट सीटों की पड़ताल की। पेश यह रिपोर्ट...
खटीमा : इस सीट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर सबकी निगाह लगी है। उनका मुकाबला कांग्रेस के भुवन कापड़ी से माना जा रहा है। मुकाबले में आप प्रत्याशी एसएस कलेर के मैदान में होने से चुनाव खासा दिलचस्प है। लोगों की उत्सुकता है कि सीएम रहते हुए चुनाव न जीत पाने का मिथक क्या धामी तोड़ देंगे।
लालकुआं : पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत इस सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वह मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं, इसलिए पूरी कांग्रेस की निगाहें उनकी सीट पर लगी है। उन्हें भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट ने कड़ी टक्कर दी है। इस सीट पर कांग्रेस की बागी प्रत्याशी संध्या डालाकोटी के मैदान होने से हरीश रावत के लिए चुनौती खासी कड़ी मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Election Result: उत्तराखंड में क्या करेगी आप, आज हो जाएगा साफ
चकराता : नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और भाजपा के रामशरण नौटियाल के बीच मुकाबला है। भाजपा ने मशहूर गायक जुबिन नौटियाल ने अपने पिता के लिए जमकर प्रचार किया।
हरिद्वार : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और कांग्रेस के सत्यपाल ब्रहमचारी के बीच मुकाबला।
श्रीनगर गढ़वाल : यहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धनसिंह रावत हैं, जिससे चुनाव बेहद हॉट रहा है।
लैंसडौन : पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्र वधू अनुकृति गुसाईं के मैदान में होने से सबकी निगाहें इस सीट पर लगी है। अनुकृति के टिकट के चक्कर में हरक सिंह रावत को भाजपा से विदा होना पड़ा था।
गंगोत्री : हॉट सीट गंगोत्री के नतीजे को लेकर भी उत्सुकता है। इस सीट को लेकर मिथक है कि जिस दल का प्रत्याशी यहां चुनाव जीतता है, उस दल की प्रदेश में सरकार बनती है। गंगोत्री सीट पर आम आदमी पार्टी के सीएम पद के चेहरे कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) के मैदान में होने से मुकाबला रोचक माना जा रहा है। आज (बृहस्पतिवार) को खुलासा हो जाएगा बाजी भाजपा के सुरेश चौहान के हाथों में लगेगी या कांग्रेस के पूर्व विधायक विजय पाल सिंह सजवाण की नैया पार होगी।
नई टिहरी : इस सीट पर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए किशोर उपाध्याय को मैदान में उतारना कितना सटीक दांव रहा, इसका खुलासा आज हो जाएगा। इस सीट पर टिकट काटे जाने के कारण कांग्रेस से चुनाव लड़े धन सिंह नेगी और जन एकता पार्टी के उम्मीद दिनेश धनै के बीच है।
नरेंद्रनगर : इस सीट पर भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का मुकाबला अपनी पार्टी के बागी ओम गोपाल रावत से है, जिन्हें कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। कड़ी टक्कर में बाजी किसके हाथ लगेगी, आज इसका भी खुलासा हो जाएगा।
चौबट्टाखाल: इस सीट कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज दूसरी बार मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के केसर सिंह नेगी से है। उनकी प्रतिष्ठा यहां दांव पर लगी है।