नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों ने दिल की गहराई से परिवर्तन का मन बना लिया है। भाजपा ने 2017 में किसानों का ऋण माफ करने का वादा किया था। साढ़े चार सालों में ऋण तो माफ नहीं हुआ लेकिन सरकार की किसान विरोधी नीतियों से 19 किसानों ने आत्महत्या कर ली। प्रदेश में कोरोना काल में भी जब लोग संक्रमण से जूझ रहे थे तो वह मुख्यमंत्री बदलने में लगे थे। भाजपा ने साढ़े चार साल में जनता पर तीन मुख्यमंत्री थोपे, यह जनता का अपमान है।
परिवर्तन यात्रा भाजपा सरकार को बदलेगी : गोदियाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि वह आज शहीदों की पावन भूमि खटीमा से शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। यह परिवर्तन यात्रा भाजपा सरकार को प्रदेश में परिवर्तित करने का कार्य करेगी।
बिजली-पानी फ्री देने का झांसा देने वाली पार्टी भाजपा की बी टीम : यादव
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव कहा कि प्रदेश में जो पार्टी चुनाव आते ही बिजली, पानी फ्री करने की बात कहकर जनता को गुमराह कर रही है वह भाजपा की बी टीम है और भाजपा के लिए काम कर रही है ताकि कांग्रेस का वोट बैंक प्रभावित हो सके।
साढ़े नौ साल बेमिसाल तो गली-गली क्यों चौपाल : कापड़ी
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने भाजपा सरकार को हर मोर्च पर विफल बताया। कापड़ी ने सीएम पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सीएम अपने क्षेत्र के लिए कुछ करना चाहते तो खटीमा को जिला घोषित करते, एम्स की स्थापना कराते। उन्होंने कहा कि भाजपा के साढ़े नौ साल बेमिसाल रहे हैं तो अब गली-गली चौपाल की जरूरत क्यों महसूस हो रही है। सभा को राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व सांसद महेंद्र पाल, कांग्रेस नेत्री शिल्पी अरोरा, दीपिका पांडेय ने भी संबोधित किया। संचालन कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष उमेश सिंह राठौर बॉबी ने किया।
नानकमत्ता में ढाई घंटा देरी से पहुंची परिवर्तन यात्रा
नानकमत्ता में परिवर्तन यात्रा को दोपहर 1:30 बजे पहुंचना था लेकिन कृषि मंडी परिसर में शाम करीब चार बजे पहुंची। परिवर्तन यात्रा में शामिल नेताओं को सुनने के लिए भारी भीड़ जुटी रही। खुले ट्रक में सवार नेताओं को देख कार्यकर्ताओं में जोश भर गया। मंच पर कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया। नगर पंचायत चेयरमैन प्रेम सिंह टुरना, केडी गहतोड़ी, पवन राणा, अशोक राणा, सतपाल सिंह, मोहन कांडपाल, डिंपल चंदी, अमरजीत सिंह बिट्टू आदि की मौजूदगी में जनसभा का संचालन जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा सोनू ने किया।
ये लोग थे मौजूद
परिवर्तन यात्रा में प्रदेश सह प्रभारी राकेश धरमाणी, सह प्रभारी दीपिका पांडे, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज बेहड़, रणजीत सिंह रावत, संगठन उपाध्यक्ष पृथ्वीपाल सिंह चौहान, प्रदेश इंटक अध्यक्ष रविंद्र चिलवाल, ऑल इंडिया केंद्रीय श्री गुरु सिंह सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तलविंदर सिंह मारवाह, जिला कार्यकारी अध्यक्ष हिमांशु गाबा, नारायण बिष्ट, पूर्व सांसद महेंद्र पाल सिंह, हरीश पनेरु, अशोक बत्रा, खटीमा के पूर्व चेयरमैन वहीदुउल्ला खां आदि मौजूद थे।
पूर्व सीएम समेत कांग्रेसी नेताओं ने हरमिंदर साहिब में नवाया शीश
नानकमत्ता। पूर्व सीएम हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह समेत तमाम कांग्रेसी नेताओं ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब के श्री हरमिंदर साहिब दरबार में मत्था टेक अरदास की। गुरुद्वारा प्रबंधक कार्यालय में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सेवा सिंह ने शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। वहां प्रबंधक कमेटी के सदस्य जसवंत सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधक रणजीत सिंह, रणजीत सिंह ढिल्लो, सुखवंत सिंह भुल्लर आदि थे।