भारतीय जनता पार्टी ने अपने दृष्टि पत्र में एक बार फिर लव जिहाद और लैंड जिहाद को लेकर वादे किए हैं। लव जिहाद में जहां भाजपा ने कानून में बदलाव कर दस साल तक की कठोर सजा करने का वादा किया है तो लैंड जिहाद से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए एक मध्यस्थता आयोग के गठन की घोषणा की गई है।
भाजपा के दृष्टि पत्र में पुलिस के ग्रेड-पे के मामले पर सत्ता में दोबारा आने पर तेज गति से उपयुक्त कदम उठाने का वादा किया गया है। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में तीन सशस्त्र पुलिस बटालियन की स्थापना, मिशन ऑफ ऑल राउंड इंप्रवूमेंट ऑफ थाना फॉर रिस्पांसिव इमेज (मैत्री) योजना के माध्यम से सभी पुलिस थानों को अत्याधुनिक बनाने का वादा किया है।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Chunav 2022: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने देहरादून में जारी किया भाजपा का घोषणापत्र, ये मुद्दे रहे खास
भाजपा ने पुलिस को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट बनाने, दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने की भी घोषणा की है। दंगों, हिंसक अपराधों से निपटने के लिए पुलिस बल को अत्याधुनिक 20 एंटी-रायट वाहनों, 4000 बुलेट प्रूफ जैकेट और 20 हजार फुल बॉडी प्रोटेक्शन एंटी रायट गियर देने का वादा किया है। 320 आधुनिक वाहन, इनसास राइफल और 5000 बेटेे 92 एफएस पिस्टल भी दी जाएगी।
महिला सुरक्षा ऐप लांच करेंगे
भाजपा ने दृष्टि पत्र में महिलाओं की सुरक्षा पर भी फोकस किया है। महिला थानों की संख्या दोगुना करने के साथ ही भाजपा ने 100 महिला पेट्रोलिंग कारें चलाने का वादा किया है। सभी महिलाओं के लिए एक एकीकृत एसओएस एप्लीकेशन महिला सुरक्षा लांच करने की भी घोषणा की है। सामर्थ्य योजना के तहत स्कूल- कॉलेज में पढ़ने वाली बेटियों को भाजपा पुलिस की मदद से आत्मरक्षा के लिए तैयार करेगी।
विश्वास योजना लाएगी भाजपा
बच्चों के मन से पुलिस के डर को दूर करने और उन्हें पुलिस के कामकाज की बेहतर जानकारी के लिए विश्वास योजना शुरू की जाएगी। अपराधों के शिकार बच्चों के लिए हर पुलिस थाने को बाल मित्र पुलिस थाने के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। साथ ही पीड़ितों व गवाहों की सुरक्षा के लिए पीड़ित और गवाह संरक्षण योजना शुरू की शजाएगी।
नशा बेचने वालों के घर-दुकानें जब्त होंगी
भाजपा ने युवाओं में लगातार बढ़ते नशे की प्रवृत्ति पर भी लगाम लगाने की योजना घोषित की है। इसके तहत भाजपा ने जीरो टॉलरेंस ऑफ ड्रग्स की नीति लागू करने के लिए टास्क फोर्स के गठन की घोषणा की है। दोष सिद्ध ड्रग पेडलर्स की सभी चल-अचल संपत्ति जिसमें घर-मकान, दुकान को जब्त किया जाएगा। नशीले पदार्थों के प्रवाह को रोकने के लिए सभी चौकियों को अपग्रेड किया जाएगा।
पुलिस कर्मियों के बच्चों को पढ़ाई के लिए लोन
पुलिस कल्याण के लिए भाजपा ने पुलिसकर्मियों के बच्चों को कैट, जेईई, नीट, क्लैट, यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दो लाख रुपये ब्याज मुक्त लोन देने की घोषणा की है। चरणबद्ध तरीके से पुलिसकर्मियों को आवास देने, लगातार दो शिफ्टों के बीच एक अनिवार्य ब्रेक देने और ड्यूटी के दौरान बलिदान देने वाले या विकलांग का शिकार पुलिसकर्मियों का उचित पुनर्वास करने का वादा भी भाजपा ने किया।