मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोरोना महामारी के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले ग्राम प्रधानों में दिवाकर जोशी, द्रोपदी देवी, मनीष आर्या व शेर चंद्र शामिल थे, जबकि ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों में रीता बिष्ट, मीरा पासवान, नारायण सिंह व त्रिलोक सिंह आदि शामिल थे।
अब आंबेडकर चौक के नाम से जाना जाएगा बाटा चौक
मेयर रामपाल सिंह की मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहर के बाटा चौक का नाम बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर के नाम पर करने की घोषणा की। शहर के मुख्य बाजार को जाने वाले मार्ग पर स्थित बाटा चौक के पास ही बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। शहर के लोग लंबे समय से इस चौक का नाम बाबा साहेब डा. आंबेडकर चौक रखने की मांग कर रहे थे। इसके लिए मेयर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। संवाद
सीएम ने वीरेंद्र सामंती के नाम पर स्कूल और मार्ग के नामकरण की घोषणा की
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बिगवाड़ा पहुंचकर पूर्व मंडी अध्यक्ष स्व. वीरेंद्र सिंह सामंती की अंतिम अरदास में शामिल हुए। इस दौरान सीएम स्व. सामंती के स्मरण में वार्ड नंबर-16 बिगवाड़ा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय का नाम स्व. वीरेंद्र सिंह सामंती राजकीय प्राथमिक विद्यालय करने और एनएच-74 के खटीमा-पानीपत मार्ग स्थित मेडीसिटी अस्पताल से करतारपुर-सुआनगला मार्ग का नाम स्व. सामंती के नाम पर रखने की घोषणा की। साथ ही स्व. सामंती की स्मृति में बिगवाड़ा श्मशानघाट पर सौंदर्यीकरण कराए जाने की घोषणा की।
सीएम ने सामंती के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी। कहा कि स्व. सामंती को सामाजिक कार्यों और व्यावहारिक व्यक्तित्व के कारण हमेशा याद रखा जाएगा। वहां कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, खेल मंत्री अरविंद पांडेय, विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, उत्तर प्रदेश के मंत्री बलदेव सिंह ओलख, मेयर रामपाल सिंह, उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष सुरेश परिहार, किसान आयोग उपाध्यक्ष राजपाल सिंह आदि थे। ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले वीरेंद्र सिंह सामंती की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। संवाद