आगामी विस चुनाव को लेकर जनजागरण अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी का शुक्रवार से गांव-गांव कांग्रेस अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान में पार्टी के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।
विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी कांग्रेस
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक मनोज रावत ने बताया कि 12 से 15 नवंबर तक गांव-गांव कांग्रेस के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसके तहत 13 नवंबर को प्रत्येक न्याय पंचायतों में सांस्कृतिक कार्यक्रम व वरिष्ठ नेताओं द्वारा रात्रि विश्राम किया जाएगा। प्रदेश के सभी 13 जनपदों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व नेता शामिल होंगे।
उत्तराखंड चुनाव 2022: कांग्रेस का शंखनाद, हरीश रावत ने कहा- ऐसा हो गया तो राजनीति छोड़ दूंगा
गांवों में जाकर रात्रि विश्राम करेंगे नेता
हरिद्वार में कांग्रेस के जिला मीडिया को-ऑर्डिनेटर अमन गर्ग ने प्रेस बयान में बताया कि गांव-गांव कांग्रेस अभियान का दूसरा चरण 12 नवंबर से शुरू हो रहा है, जिसमें अनेक कार्यक्रम होंगे और बड़े नेता गांवों में जाकर रात्रि विश्राम करेंगे। वे लोगों की समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण भी करेंगे।
नई टिहरी: विधायक ने गांव-गांव में दी विकास कार्यों की जानकारी
विधायक डॉ. धन सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चंबा मंडल के कई बूथों पर घर-घर भाजपा हर घर भाजपा महासंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के घरों में पोस्टर, स्टीकर, पार्टी के झंडे लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की जानकारी दी।
विधायक ने कोट, डंडासली में पहुंचकर घर-घर भाजपा, हर घर भाजपा अभियान की जानकारी दी। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रत्येक तीसरे माह किसानों के खाते में दो-दो हजार भेजा जा रही है।
देहरादून के राजेंद्र नगर में 13 नवंबर को होगा कांग्रेस का विशेष कार्यक्रम
कैंट विधानसभा क्षेत्र के राजेंद्र नगर में 13 नवंबर को कांग्रेस पार्टी का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी और अखिल भारतीय पंचायत परिषद के प्रदेश संयोजक मनीष कुमार ने राजेंद्र नगर में संयुक्त प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी।
जोशी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और राष्ट्रीय नेता प्रकाश जोशी आदि भी उपस्थित रहेंगे। जोशी ने कहा कि मेरा बूथ मेरा गौरव अभियान की शुरुआत यहां कैंट विधानसभा क्षेत्र में की जा रही है। पूरी विधानसभा क्षेत्र में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस पार्टी भाजपा की जनविरोधी नीतियों और दोगले चेहरे को जनता के सामने रखेगी।