फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: ईगास पर्व पर होगा राजकीय अवकाश, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में की घोषणा

Thu, 11 Nov 2021 07:29 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal संवाद न्यूज एजेंसी, हरिद्वार

सार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को धर्मनगरी में तीन बड़े कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के लिए पहुंचे हैं। वह सबसे पहले मानूबास में किसान मेले में पहुंचे।
विज्ञापन
हरिद्यार जिले में कई कार्यक्रमों में शामिल हुए मुख्यमंत्री - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीएम पुष्कर सिंह धामी का गुरुवार को धर्मनगरी और आसपास के क्षेत्रों में कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। वहीं कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 14 नवंबर को ईगास पर्व पर राजकीय अवकाश करने की घोषणा भी की। राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सांसद अनिल बलूनी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। बलूनी पिछले कुछ वर्षों से गांवों में जाकर इगास-बूढ़ी दिवाली मनाने की मुहिम चला रहे हैं।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर इगास की छुट्टी का संदेश साझा किया। उन्होंने गढ़वाली में संदेश लिखा, 'उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति कु प्रतीक लोकपर्व इगास पर अब छुट्टी रालि। हमारू उद्देश्य च कि हम सब्बि ये त्योहार तै बड़ा धूमधाम से मनौ, अर हमारि नई पीढ़ी भी हमारा पारंपरिक त्यौहारों से जुणि रौ'। मतलब 'उत्तराखंड समृद्ध लोक संस्कृति के प्रतीक लोकपर्व इगास पर अब छुट्टी रहेगी। हमारा उद्देशय है कि हम सभी इस त्योहार को बड़ी धूमधाम से मनाए और हमारी नई पीढ़ी भी हमारे पारंपरिक त्योहारों से जुड़े,। 
 

गोशाला के गोपाष्टमी महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमत्री
वहीं गुरुवार को मुख्यमत्री हरिद्वार में गैंडीखाता स्थित एक गोशाला के गोपाष्टमी महोत्सव में शामिल हुए। हजारों गायों का पालन-पोषण करने वाली गैंडीखाता स्थित श्रीकृष्यायन गोशाला में होने वाले गोपाष्टमी महोत्सव में भी मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिभाग किया। इसके बाद वह मानूबास में किसान मेला में पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री धामी ने 50 से ज्यादा किसानों को सम्मानित किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने सिडकुल में विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।

विज्ञापन


तीन बड़े कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के लिए पहुंच रहे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को धर्मनगरी में तीन बड़े कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के लिए पहुंचे। ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर ने किसान मेले के बारे में बताया कि किसानों को बीज उर्वरक आदि की जानकारी देने के लिए बड़े-बड़े स्टॉल लगाए गए हैं। मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। मेले में 15 से 20 हजार की संख्या में किसान हिस्सा ले रहे हैं। इसके बाद उन्होंने सिडकुल में विकास कार्यों की नींव रखी। साथ ही कई घोषणाएं भी कीं।

घाड़ क्षेत्र के लिए सीएम ने खोला घोषणाओं का पिटारा
राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मानूबास गांव में आयोजित कृषि महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करीब 43 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने इब्राहिमपुर मसाही में इंटर कॉलेज, बुग्गावाला में डिग्री कॉलेज और मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की। साथ ही भगवानपुर और बहादराबाद की ग्राम पंचायतों को मिलाकर बुग्गावाला को नया ब्लॉक बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की बात कही। कार्यक्रम में चयनित प्रगतिशील किसानों और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश ने 21 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। 25वें राज्य स्थापना दिवस पर उत्तराखंड पूरी तरह आत्मनिर्भर होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हर क्षेत्र में विकास के काम किए हैं। कर्मचारियों के भत्ते बढ़ाए गए हैं। बिजली कर्मचारियों की समस्याओं को समन्वय स्थापित कर सुलझाया गया है। किसानों के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की गईं, जिनका लाभ लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू की गई विकास योजनाओं से निचले तबके तक के लोगों को लाभ मिलना शुरू हो गया है।

विज्ञापन

संस्कृत सभी भाषाओं की जननी : धामी 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी और भारतीय संस्कृति की धरोहर है। उन्होंने कहा कि संस्कृत विवि में रिक्त पदों को शीघ्र ही भरा जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राजऋषि बताते हुए कहा कि केदारपुरी के विकास के लिए उन्होंने 400 करोड़ दिए। जिन शंकराचार्य ने पूरे भारत को जोड़ा था, पीएम मोदी ने उनकी समाधि को सुंदर एवं भव्य रूप देने के लिए पहल की। 

मुख्यमंत्री गुरुवार को बहादराबाद स्थित संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के उद्घाटन पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री पूरी दुनिया में सनातन धर्म एवं संस्कृति का प्रचार कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में विश्व पटल पर भारतीय संस्कृति को अलग पहचान मिली है।  

कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि संस्कृत से सभी भाषाओं का जन्म हुआ है। विधायक आदेश चौहान ने संस्कृत विवि के कर्मचारियों के लिए एरियर की मांग की। मुख्यमंत्री ने मांग पूरा करने का आश्वासन दिया। इस दौरान लक्सर विधायक संजय गुप्ता, सचिव विनोद प्रसाद रतूड़ी, कुलपति देवी प्रसाद त्रिपाठी, कुलसचिव गिरीश अवस्थी, गुरुकुल कांगड़ी विवि के कुलपति प्रो रूप किशोर शास्त्री, वित्त नियंत्रक हिमानी स्नेही, डॉ. धीरज शुक्ला आदि मौजूद रहे। 

गोशाला में प्रति गाय मिलेगा 12 रुपये अनुदान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पर्व हमारी संस्कृति की पहचान हैं। गाय माता हमारी संस्कृति का सूचक और आर्थिक संपन्नता का आधार है। गाय से मिलने वाली हर चीज उपयोगी है। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि कुछ लोग गायों को सड़कों पर लावारिस छोड़ देते हैं। भूख मिटाने के लिए गाय प्लास्टिक तक खा जाती है। सीएम ने कहा कि लावारिस गायों के लिए सरकार की ओर से हर शहर में गोशाला बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी गोशाला में गो पालकों को सरकार प्रतिदिन प्रति गाय अब सात रुपये की बजाय 12 रुपये अनुदान देगी।

यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को श्यामपुर के गैंडीखाता स्थित श्रीकृष्णायन देसी गोरक्षाशाला बसोंचंद्रपुरी में गोपाष्टमी पर आयोजित कार्यक्रम में कही। मुख्यमंत्री ने गो पूजन कर संतों का आशीर्वाद लिया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि गाय हमारे सनातन धर्म का आधार है। उन्होंने कहा कि पहली रोटी गाय को निकालने की परंपरा जिंदा रहनी चाहिए। गोशाला के संस्थापक महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वर दास ने कहा कि संतजनों की प्रेरणा से कई वर्ष पहले गैंडीखाता के सुदूर गांव बसोंचंद्रपुरी में देसी गायों के लिए गोशाला बनाई गई। उन्होंने कहा कि दानदाताओं और श्रद्धालुओं के सहयोग से अब उत्तराखंड की सबसे बड़ी देसी गायों की गौशाला बन चुकी है। 

14 गांवों में पेयजल संकट से मिलेगी निजात 
जल जीवन मिशन के अंतर्गत हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के 14 गांवा में 32 करोड़ पांच लाख 27 हजार रुपये की लागत की पेयजल पंपिंग योजना शुरू होने से पेयजल का संकट दूर हो जाएगा। कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के प्रयास से इस योजना के निर्माण कार्यों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को शिलान्यास किया। 

स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि देश की आजादी के बाद से क्षेत्र के लिए पहली बार इतनी बड़ी योजना का शुभारंभ हुआ है। इससे रसूलपुर मिट्टीबेरी, अहमदपुर चिड़ियापुर, गाजीवाली, तपड़ोवाली गुज्जर बस्ती, लालढांग, श्यामपुर नौआबाद, जसपुर चमरिया, सजनपुर पीली, नौरगबाद, गैंडीखाता, कांगड़ी, समसपुर कटेबड़, लहाडपुर, पीली पड़ाव के लोगों को पेयजल की समस्या से निजात मिल जाएगी। मंडल अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, महामंत्री सुरेंद्र रावत, श्रेष्ठ कुमार चौहान, मुकेश डबराल, कुलदीप चौधरी, सरिता अमोली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें