पिछले दिनों देहरादून में चुनाव प्रभारी के साथ कोर कमेटी की बैठक में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने भी मीडिया कर्मियों से कुछ ऐसी ही राय साझा की थी। उन्होंने साठ पार के नारे को अति उत्साह बताते हुए कहा था भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
हालांकि डॉ. रावत एक और बेबाक बयान दे चुके हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को टारगेट करने की भाजपा की रणनीति पर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने हाल ही में बयान दिया था कि हरीश रावत को टारगेट करके उन्हें मजबूत किया जा रहा है। उनके हिसाब से हरीश रावत को टारगेट नहीं किया जाना चाहिए। मजेदार बात यह है कि हरीश रावत को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद भाजपा का हर बड़ा-छोटा नेता किसी न किसी मुद्दे के बहाने निशाने पर ले रहा है।
यही वजह है कि हरक सिंह के इन बयानों पर भाजपा असहज है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से लेकर अन्य पदाधिकारी इस पर प्रतिक्रिया देने से परहेज कर रहे हैं। लेकिन सियासी हलकों में उनके बयानों में मायने टटोले जा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट के बाद हरक की बयानबाजी पर कुछ विराम लगा था। लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनके बयानों में धार है। ऐसा क्यों हैं, लोग हरक की थाह लेने की कोशिश कर रहे हैं।