भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने, सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में अनुसूचित जाति के सम्मेलन कर अधिक से अधिक लोगों को भाजपा से जोड़ने और विधानसभा चुनाव में पार्टी को अधिक से अधिक वोटों से जीत दिलाने का संकल्प लिया गया।
बुधवार को राज्य अतिथि गृह के शैले हॉल में हुई बैठक में मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने मोर्चा पदाधिकारियों व सदस्यों से एकजुट होकर काम करने और भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में विधानसभा चुनाव की रणनीति भी तैयार की गई और अनुसूचित जाति के सौ से अधिक मतदाता वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर सूचीबद्ध करने का फैसला लिया गया।
उत्तराखंड चुनाव 2022: मात्र भाजपा में ही सुरक्षित है भविष्य- राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम
तय किया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर प्रदेश भर में गौरव यात्रा आयोजित की जाएगी। बैठक में संगठन के विस्तार, पार्टी के चुनावी एजेंडे को आगे बढ़ाने व मंडल स्तर पर पार्टी को मजबूत करने को लेकर भी प्रदेश पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए गए। तय किया कि विधानसभा स्तर पर सम्मेलन के बाद जिला और मंडल स्तर तक सम्मेलन आयोजित होंगे।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने दलित समाज को न केवल सम्मान दिया है बल्कि अहम पदों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अंबादत्त आर्य ने पार्टी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अनुसूचित मोर्चा तैयार है। कहा कि पार्टी हाईकमान मोर्चा के पदाधिकारियों को जो जिम्मेदारी देंगे, उसका ईमानदारी से निर्वहन करते हुए कांग्रेस को करारा जवाब दिया जाएगा।
बैठक में सांसद अजय टम्टा, अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री संजय निर्मल, संगठन महामंत्री अजय कुमार, मोर्चा के प्रदेश प्रभारी कैलाश शर्मा, विधायक सुरेश राठौर, खजान दास, देशराज कर्णवाल, मुकेश कोहली आदि मौजूद रहे।