भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए शेष 11 में से नौ विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। बुधवार देर रात पार्टी ने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की। दूसरी सूची में पार्टी विधायक ऋतु खंडूड़ी को कोटद्वार विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। इस सीट पर ऋतु के पिता मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी 2012 के विधानसभा चुनाव हार गए थे। रुद्रपुर विधानसभा सीट से विधायक राजकुमार ठुकराल के स्थान पर पार्टी ने शिव अरोड़ा को प्रत्याशी बनाया है।
अरोड़ा भाजपा के जिलाध्यक्ष हैं। पार्टी ने केदारनाथ से शैलारानी रावत को प्रत्याशी बनाया है। झबरेड़ा से कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए राजपाल सिंह को टिकट दिया गया है। राजपाल कांग्रेस के टिकट पर दो चुनाव हार चुके हैं। पिरानकलियर से भाजपा ने मुनीष सैनी को प्रत्याशी बनाया है। जबकि रानीखेत से प्रमोद नैनवाल उम्मीदवार बनाए गए हैं। प्रमोद 2017 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़े थे और तीसरे स्थान पर रहे थे। जागेश्वर सीट पर भाजपा ने मोहन सिंह मेहरा को उतारा है, जबकि लालकुआं से मोहन सिंह बिष्ट प्रत्याशी बनाए गए हैं। हल्द्वानी विस सीट पर पार्टी ने एक बार जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला पर दांव लगाया है। रौतेला 2017 में हल्द्वानी से चुनाव हार गए थे।
भाजपा ने इन विधायकों के काटे व बदले टिकट
भाजपा ने अपनी पहली सूची में 59 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की, जिसमें 10 विधायकों के टिकट काटे। नौ सदस्यों की दूसरी सूची में पार्टी ने तीन और विधायकों के टिकट काटे। पौड़ी से विधायक मुकेश कोली, कर्णप्रयाग से सुरेंद्र सिंह नेगी, झबरेड़ा से देशराज कर्णवाल, गंगोलीहाट (अजा) से मीना गंगोला, अल्मोड़ा से रघुनाथ सिंह चौहान, कपकोट से बलवंत सिंह भौर्याल, द्वाराहाट से महेश नेगी, रुद्रपुर से राजकुमार ठुकराल और टिहरी से धन सिंह नेगी का टिकट काट दिया गया है। विधायक मुन्नी देवी, काशीपुर से विधायक हरभजन सिंह चीमा, खानपुर से कुंवर प्रणव चैंपियन के टिकट भी काटे गए। इनके अलावा डोईवाला से विधायक त्रिवेंद्र सिंह रावत ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। कोटद्वार से विधायक हरक सिंह रावत को पार्टी ने निकाल दिया है और यमकेश्वर से बदलकर विधायक रितु खंडूड़ी को कोटद्वार से उतारा गया है।