आम आदमी पार्टी के लीगल सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट सौरभ दुसेजा ने बताया कि उन्होंने चुनाव आयोग को भी शिकायत की है। इसके साथ ही रिटर्निंग अफसर को भी ई-मेल से घटना की जानकारी दी गई है। इस मामले में एसओ रायपुर ने बताया कि दोनों पक्षों की बात सुनी गई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बताया जान का खतरा, मांगी सुरक्षा
आप प्रत्याशी नवीन पिरसाली का कहना है कि उन्होंने चुनाव आयोग से भी इसकी शिकायत की है। बताया कि उन्हें और कार्यकर्ताओं को जान का खतरा है। बीजेपी कार्यकर्ता कभी भी वहां पर इस तरह की घटना कर सकते हैं। ऐसे में उन्होंने कार्यालय के बाहर पुलिस फोर्स तैनात करने की मांग की है। ताकि, उनके जान माल की सुरक्षा की जा सके।
भाजपा-कांग्रेस के समर्थक आपस में भिड़े
वहीं हरिद्वार में रानीपुर मोड़ के पास खन्ना नगर में बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रत्याशी मदन कौशिक के समर्थकों का आमना-सामना हो गया। दोनों ही प्रत्याशियों के समर्थक चुनावी प्रचार कर रहे थे। दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी हुई और धक्का मुक्की की गई। पुलिस ने बमुश्किल दोनों दलों के समर्थकों को अलग कर हंगामा शांत करवाया।
कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थक डोर टु डोर जनसंपर्क कर रहे हैं। बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी समर्थकों के साथ डोर टु डोर वोट मांगने खन्ना नगर पहुंचे थे। इसी बीच सामने से भाजपा कार्यकर्ता भी प्रचार करते आ गए। दोनों आमने-सामने आने पर नारेबाजी शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की हुई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। रेल चौकी प्रभारी प्रवीण रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों गुटों को जैसे-तैसे अलग-अलग किया।