उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बीजेपी सरकार पर सार्वजनिक कार्यक्रमों के भाजपाईकरण करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को भी सरकार ऐसा ही करने जा रही है। कहा कि देहरादून में आयोजित हुनर हाट के कार्यक्रम में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। हरीश रावत ने सीधे तौर पर कहा कि राज्य सरकार ने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया और शीतकाल में गैरसैंण सत्र करने जा रही है।
कितने लोगों ने और किन-किन लोगों ने जमीन खरीदी बताएं
कहा कि हम मुख्यमंत्री से यह भी जानना चाहेंगे कि हमने भराड़ीसैंण को नोटिफाइड एरिया बना दिया था, ताकि राजधानी के रूप में उसको विकसित किया जाए तो बीजेपी सरकार में उसको क्यों डिनोटिफाइड किया। सरकार वह लिस्ट भी दे कि वहां कितने लोगों ने और किन-किन लोगों ने जमीन खरीदी है, उन सब की लिस्ट सार्वजनिक करें।
हरीश रावत ने कहा कि भराड़ीसैंण के लिए कई घोषणाएं की गई हैं। उनका क्या हुआ? इसको लेकर भी सरकार जवाब दे। कहा कि वह अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो पहले गैरसैंण को राजधानी घोषित करेंगे। हालांकि हमारे तमाम नेता कह चुके हैं कि सत्ता में आने के बाद गैरसैंण को राजधानी बनाएंगे।