जिलाधिकारी का कहना है कि देखने में आ रहा है कि राजधानी की सड़कों और बाजारों में तमाम लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं जो कोरोना बीमारी को दावत दे रहे हैं। जिलाधिकारी का कहना है कि पलटन बाजार समेत राजधानी के प्रमुख बाजारों के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाया जाएगा और जो भी लोग बिना मास्क के पकड़े जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरंजनपुर सब्जी मंडी में किसी भी दिन फैल सकता है कोरोना
बता दें कि निरंजनपुर स्थित मंडी में प्रतिदिन सुबह हजारों की संख्या में आढ़ती, कारोबारी व आम शहरी आते हैं। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इन तमाम आढ़तियों, कारोबारियों द्वारा मास्क का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
अमर उजाला संवाददाता ने जब मंडी समिति का भ्रमण किया तो ज्यादातर आढ़ती, कारोबारी बिना मास्क के नजर आए। यह पूछने पर कि आखिरकार मास्क क्यों नहीं लगा रखा है? तो ज्यादातर आढ़तियों, कारोबारियों का सीधा जवाब था कि कोरोना बीमारी समाप्त हो गई है और उन्होंने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली हैं लिहाजा वह मास्क का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। लेकिन शायद ही लोगों को इस बात की जानकारी है कि कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने वाले लोगों को भी दोबारा कोरोना संक्रमण हो रहा है जो चिंताजनक पहलू है।