कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और पूर्व जिला पंचायत सदस्य उत्तम देऊ का दिल का दौरा पड़ने से शनिवार देर रात निधन हो गया। रविवार को गमगीन माहौल में ताड़केश्वर घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। बड़े बेटे ललित सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनकी मौत से जहां परिवार सदमे में है, वहीं पार्टी और कई संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से जनकांडे पाटी ब्लॉक के मल्ली लड़ी गांव निवासी उत्तम देऊ चंपावत में रहते थे। शनिवार को वह एक विवाह समारोह में अपने पैतृक गांव गए थे। रात को अचानक तबियत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत लोहाघाट उप जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रात करीब दस बजे उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उप जिला अस्पताल के एमएस डॉ. जुनैद कमर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। 55 वर्षीय देऊ के परिवार में पत्नी और पांच बच्चे हैं।
शवयात्रा में ये रहे शामिल
शवयात्रा में सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, नारायण पाल, कांग्रेस जिला प्रभारी प्रकाश जोशी, पूर्व दर्जा मंत्री निर्मला गहतोड़ी, नगर पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, सेवादल प्रभारी हरीश चौधरी, सुधीर साह, उमेश खर्कवाल और भगीरथ भट्ट आदि शामिल हुए। इस घटना के बाद रविवार को प्रस्तावित कांग्रेस की समीक्षा बैठक और माघी खिचड़ी कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
उत्तम देऊ ने 2008 में पंचायत चुनाव में दी थी वर्तमान विधायक को शिकस्त
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उत्तम देऊ आखिरी सांस तक पार्टी के वफादार सिपाही रहे। पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल बताते हैं कि देऊ प्रतिकूल हालात में भी पार्टी के निष्ठावान सिपाही बने रहे। 2017 के विधानसभा चुनाव के वक्त उनके सियासी गुरु सहित उनके कई करीबियों ने पार्टी से नाता तोड़ा, तब भी उन्होंने पार्टी का दामन नहीं छोड़ा।
जनकांडे क्षेत्र में उनकी खास पकड़ थी। सितंबर 2008 में हुए जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में उन्होंने कद्दावर नेता पूरन सिंह फर्त्याल को शिकस्त देकर गांव की सियासत में पकड़ को साबित किया था। पूरन फर्त्याल 2012 से लगातार दूसरी बार लोहाघाट से विधायक हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के निधन पर शोक जताया
टनकपुर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के जिलाध्यक्ष उत्तम के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोकसभा में नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी पिंकी, ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश राम, गोपाल बिष्ट, कामरान अंसारी, भैरव जोशी, देवेंद्र सिंह आदि थे। बनबसा में भी ब्लॉक अध्यक्ष रमेश चंद, नगर अध्यक्ष कपिल भार्गव, पूर्व सांसद प्रतिनिधि फिरोज खान, महेश चंद, निर्मला मौनी, सुधा बिष्ट आदि ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम के निधन पर दुख जताया।
उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया।