योगी ने की उत्तराखंड सरकार और सीएम धामी की तारीफ
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के इस ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर केंद्र और राज्य सरकार का जो विशेष ध्यान है, उसी के अनुरूप यहां सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता होती है कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश करते हुए निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें अध्ययन के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान पर भी विशेष बल दिया गया है। उत्तराखंड सरकार इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आज धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण करते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जो देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणास्रोत है।
राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ सनातन संस्कृति एवं धार्मिक स्थलों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
यमकेश्वर महादेव जैसे पावन क्षेत्र में शिक्षा के आधुनिक केंद्रों का निर्माण यह दर्शाता है कि उत्तराखंड सरकार ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। नवनिर्मित इंटर कॉलेज भवन को उन्होंने क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना से गांवों में रहकर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव हो सकेगी।