आपको बता दें कि उत्तराखंड सीएम तीरथ सिंह रावत ने बुधवार को बाल संरक्षण आयोग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कहा था कि 'मैं एक दिन हवाई जहाज से जयपुर से आ रहा था। मेरे बगल में एक बहनजी बैठी थीं। मैंने उनकी तरफ देखा नीचे बूट थे। जब और ऊपर देखा तो जींस घुटने से फटी हुई थी। दो बच्चे उनके साथ में थे। महिला एनजीओ चलाती हैं। समाज के बीच में जाती हैं। क्या संस्कार दोगे? '
सोशल मीडिया पर उबाल
सीएम के फटी जींस को लेकर सामने आए बयान के बाद सोशल मीडिया पर सीएम तीरथ की जमकर निंदा हो रही है। सोशल मीडिया पर कई महिलाएं व राजनीतिक पार्टियां उन्हें घेर रही हैं। समाजवादी पार्टी से सांसद जया बच्चन, तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा, शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी, बिग बी की नातिन नव्य नवेली ने भी ट्वीटर पर बयान को लेकर आलोचना की।
48 घंटे से ट्विटर पर ट्रेंड कर रहे तीरथ सिंह रावत
पिछले करीब 48 घंटे से मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ट्विटर और फेसबुक पर टॉप ट्रेंड में हैं। ट्विटर पर अब तक करीब 40 हजार ट्वीट उनके बयानों को लेकर हो चुके हैं। वहीं, फेसबुक पर भी हजारों की संख्या में पोस्ट की जा रही हैं। तीरथ के फटी जींस का बयान हैशटैग रिप्डजींसट्वीटर और तीरथ सिंह रावत के नाम से ट्रेंड कर रहा है। वहीं, फेसबुक पर भी हैशटैग रिप्ड जींस, रिप्ड पैंट, रिप्ड बॉडी और तीरथ सिंह रावत खबर लिखे जाने तक ट्रेंड कर रहा था।