एनएसए डोभाल पर की गई टिप्पणियां देश के लिए अपमानजनक: भट्ट
भाजपा ने इंदौर में एक कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत देश की तमाम महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन करने वाले व्यक्तियों पर की गई गैरजिम्मेदाराना टिप्पणियों को आपत्तिजनक व निंदनीय बताया। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल के खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक, अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है। जबकि वे राष्ट्र सुरक्षा से जुड़ी सैन्य, खुफिया, कूटनीति के मामलों को अधिकृत रूप से संभालते हैं। वह जो भी करते हैं, वे सब अधिकार उन्हें राष्ट्रहित में जनता द्वारा निर्वाचित सरकार ने प्रदत्त किए हैं। भट्ट ने कहा कि एनएसए पर की गई यह टिप्पणियां समूचे देश विशेषकर उत्तराखंड के लिए अपमानजनक है। क्योंकि उनके जीवन और उपलब्धियों से प्रत्येक राज्यवासी प्रेरणा लेता है। उन्होंने आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशनों को सफल बनाया और अब विगत 12 वर्षों से देश को सुरक्षित बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।