इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य के पॉलिटेक्निक की बेहतर अवस्थापना सुविधाओं के लिए एक साल में 300 करोड़ रुपये दिये गए। इंडस्ट्री के साथ बैठक कर उनकी मांग के आधार पर राज्य में कोर्स बढ़ाए गए हैं। रोजगार मेलों के माध्यम से 60 प्रतिशत युवाओं का चयन हो रहा है। कुछ पॉलिटेक्निक कॉलेज से लगभग शत-प्रतिशत छात्रों का भी चयन हो रहा है।
दो लाख से ज्यादा स्वरोजगार देंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी विभागों में जितने भी पद खाली हैं, उन्हें भरने के लिए लगातार विज्ञप्तियां निकाली जा रही हैं। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष स्वरोजगार को मिलाकर यह लाखों में हो जाएगा। अकेले उद्यानिकी क्षेत्र में 18 हजार पॉलीहाउस दिए जा रहे हैं। इसमें एक लाख से अधिक लोगों को स्वरोजगार मिलेगा। नई पर्यटन नीति के तहत भी एक लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा। अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। खुरपिया फोरम में एक नया शहर बसाया जा रहा है, जिसमें 20 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा।