मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को प्रदेश से जुड़ी कई योजनाओं को हरी झंडी दी। इसमें स्कूल भवन निर्माण, तहसील भवन निर्माण से लेकर कुंभ मेले में डीआरडीओ के सहयोग से दो हजार बेड का अस्पताल भी शामिल है।
स्कूलों, तहसील के निर्माण को स्वीकृति :
मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज बगियाल विकास खंड थौलधार एवं राजकीय इंटर कॉलेज क्यारी में दो कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए 84 लाख 56 हजार की धनराशि स्वीकृत की है। वहीं, तहसील कीर्तिनगर की छह राजस्व उप निरीक्षक चौकियों की मरम्मत एवं अवशेष निर्माण कार्यों के लिए 30 लाख 93 हजार, तहसील रानीखेत के क्षतिग्रस्त आवासों के पुनर्निर्माण, मरम्मत एवं तहसील के कॉफ्रेंस हॉल के निर्माण के लिए 4 करोड़ 14 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने के साथ ही प्रथम किस्त के रूप में एक करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने बंजारावाला में शहीद जीत बहादुर की स्मृति में निर्मित किए जाने वाले शहीद द्वार के निर्माण के लिए 28 लाख 99 हजार की धनराशि स्वीकृत की है। इसके अतिरिक्त उन्होंने श्रीनगर गढ़वाल में पार्किंग एवं ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए 9 लाख, 76 हजार की धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने कपीरी छांतेश्वर महादेव के सौंदर्यीकरण एवं पैदल मार्ग निर्माण के लिए 46 लाख, 15 हजार की धनराशि स्वीकृत की है।
टनकपुर नगर पालिका को 4.70 करोड़
मुख्यमंत्री ने नगर पालिका परिषद टनकपुर कलस्टर की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना एवं विकेंद्रीकृत सेग्रीगेशन हॉल निर्माण के लिए चार करोड़ 70 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। उन्होंने औद्योगिक आस्थान रुद्रपुर एवं काशीपुर से अवस्थापना विकास कार्यों के लिए तीन करोड़ 97 लाख की धनराशि स्वीकृत की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मेगा इंडस्ट्रियल व मेगा टेक्सटाइल नीति के तहत सिडकुल को छह करोड़ की धनराशि भी स्वीकृत की है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन को भूमि हस्तांतरण पर मुहर
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना के लिए जनपद रुद्रप्रयाग के ग्राम रतूड़ा में सुरंग/पोर्टल के निर्माण के लिए 1.455 हेक्टेयर भूमि भारतीय रेल को हस्तांतरित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उक्त योजना के लिए टिहरी गढ़वाल के अंतर्गत ग्राम लक्षमोली की 0.110 हेक्टेयर एवं रानीहार की 0.041 हेक्टेयर की अधिसूचना निर्गत करने की भी स्वीकृति प्रदान कर दी है।
कुंभ मेले में डीआरडीओ बनाएगा दो हजार बेड का अस्पताल
कुंभ मेले में कोविड-19 के मद्देनजर दो हजार बेड का हास्पिटल डीआरडीओ तैयार करेगा। इसकी सहमति रक्षा मंत्रालय से भी प्राप्त हो गई है। इस संबंध में होने वाले एमओयू को मुख्यमंत्री ने अनुमोदन दे दिया है। इस अस्पताल के निर्माण से कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चिकित्सा प्रबंध समिति के अधीन क्रियाधीन चिकित्सालयों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को 10 करोड़ की धनराशि अनुमोदित की है।