भारतीय सीमा में चीनी सेना के दो हेलीकॉप्टरों की घुसपैठ के मामले में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि हेलीकॉप्टर किसके थे ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
सोमवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि भारत चीन सीमा के बाड़ाहोती में गत शनिवार की सुबह घुसपैठ करने वाले हेलीकॉप्टर किसके थे ये अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय सीमा का है जो कि केंद्र का विषय है। एयरस्पेस वोइलेशन के इस मामले को केंद्र सरकार देख रही है।
बता दें कि विगत शनिवार भारतीय सीमा में चीनी सेना के दो हेलीकॉप्टरों ने घुसपैठ कर दी थी। यह घटना उत्तराखंड के चमोली जनपद की बताई गई।
मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह चमोली जिले में दो चीनी हेलीकॉप्टरों की घुसपैठ का मामला सामने आया था। बताया जा रहा था कि बाड़ाहोती क्षेत्र में ये हेलीकॉप्टर करीब तीन मिनट तक मंडराते रहे।