वित्त मंत्री प्रकाश पंत के सभी विभाग अब मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत संभालेंगे। बीमारी के चलते पंत का लंबे समय से उपचार चल रहा है। उनके स्वास्थ्य को देखते हुए सोमवार को उत्तराखंड कार्य नियमावली के नियम 3 में संशोधन कर दिया गया है। इससे पंत के विभाग संसदीय कार्य, विधायी, भाषा, वित्त, आबकारी, पेयजल एवं स्वच्छता, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग अब मुख्यमंत्री के अधीन आ गए हैं।
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार 23 मार्च 2017 के शासनादेश में आंशिक संशोधन किया गया है। वित्त मंत्री प्रकाश पंत प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रियों में से हैं, लेकिन लगभग दो माह से वे बेहद बीमार चल रहे हैं। वो दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री हाल ही में उनका हालचाल जानने दिल्ली गए थे।
सोमवार 27 मई से आचार संहिता हटने के बाद अब विभागीय कामकाज बढ़ेगा, इसके कारण मुख्यमंत्री ने प्रकाश पंत के विभागों का कार्य प्रभावित होने से रोकने के लिए यह निर्णय लिया है। उनके स्वस्थ होने तक यह व्यवस्था रह सकती है। हालांकि प्रदेश मंत्रिमंडल में रिक्त चल रहे दो मंत्री पदों को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसी खबर है कि मंत्री प्रकाश पंत इलाज के लिए एक दो दिन में विदेश रवाना होंगे।