केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण के तहत होने वाले छोटे-छोटे कार्यों को अब रफ्तार मिलेगी। सरकार ने उत्तराखंड अधिप्राप्ति नियमावली में एकल चयन प्रक्रिया में छूट दी है। इससे 75 लाख के काम एकल चयन से कराए जा सकेंगे।
केदारनाथ के पुनर्निर्माण कार्यों के लिए वर्ष 2016 में सरकार ने उत्तराखंड अधिप्राप्ति नियमावली में एकल चयन प्रक्रिया के लिए छूट दी है। वर्ष 2019 में यह छूट खत्म हो गई है। केदारनाथ धाम में छोटे-छोटे कार्यों के लिए ठेकेदार नहीं मिलते हैं। केदारनाथ की विकट भौगोलिक परिस्थिति होने से निर्माण कार्यों को कराने में काफी दिक्कतें होती है।
जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अब 75 लाख के काम एकल चयन प्रक्रिया से कराए जा सकेंगे। टेंडर प्रक्रिया में एक ही ठेकेदार की ओर से टेंडर में भाग लेने पर उसे काम दिया जाएगा। बता दें कि केदारनाथ धाम में दूसरे चरण में 140 करोड़ के निर्माण कार्य होने हैं। सरकार ने काम में तेजी लाने के लिए सिंगल टेंडर पर 75 लाख तक के कार्य कराने का निर्णय लिया है।