मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट की बैठक ले सकते हैं। इसमें समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर हाई पावर कमेटी बनाए जाने का फैसला लिया जा सकता है। बुधवार को राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में यदि मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाती है तो धामी सचिवालय में पहली कैबिनेट बैठक ले सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए शासन स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि पहली कैबिनेट में आगामी विधानसभा सत्र को लेकर भी फैसला लिया जा सकता है। इसके अलावा भाजपा के चुनाव दृष्टि पत्र को सरकारी नीति दस्तावेज बनाए जाने का फैसला भी लिया जा सकता है।
ये भी पढ़ें...युवा प्रदेश, युवा मुख्यमंत्री का फार्मूला: 261 दिन बाद भाजपा ने पुष्कर सिंह धामी पर भरी हामी, आज होगी ताजपोशी
शपथग्रहण से पहले मंदिरों में बजेंगे घंटे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शपथग्रहण समारोह से पहले सुबह-सुबह मंदिरों के घटें बजेंगे। संगठन की ओर से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर आम कार्यकर्ताओं को फरमान जारी कर दिया गया है कि वह अपने-अपने आसपास के मंदिरों जाएंगे और भगवान की पूजा अर्चना करेंगे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की अध्यक्षता में हुई बैठक में शपथग्रहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। आयोजन के लिए बनाई गई 15 समितियों के संयोजकों से तैयारियों का फीडबैक लिया गया। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने निर्देश दिए कि शक्ति केंद्रों से लेकर मंडल स्तर तक पदाधिकारी व कार्यकर्ता सुबह साढ़े सात से अपने क्षेत्र के मंदिरों में जाएंगे और राज्य की खुशहाली के लिए भगवान से प्रार्थना करेंगे।
मंदिरों में पूजा अर्चना करने वालों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से लेकर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक समेत पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश पदाधिकारी व आम कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। तैयारी बैठक में प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, राजेंद्र भंडारी व सुरेश भट्ट भी उपस्थित थे।
समारोह स्थल का मुआयना किया
पार्टी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने शपथग्रहण समारोह स्थल परेड मैदान का निरीक्षण किया और जिलाधिकारी तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उनके साथ प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, ज्योति गैरोला, पुष्कर सिंह काला, मनवीर सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी भी थे।