क्षेत्र से डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह राम रहीम के समर्थन में सिरसा गए धिमरी ब्लाक के चंद्रपाल की 25 अगस्त को पंचकूला में हुए उपद्रव के दौरान गोली लगने से मौत हो गई।
इस सूचना पर पंचकूला पहुंची दिनेशपुर पुलिस और ग्रामीण वहां से शव लेकर दिनेशपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। शव के सुबह तक यहां पहुंचने की संभावना है। उधर, दूसरे युवक लेखराज का इलाज चंडीगढ़ के पीजीआई में चल रहा है। उसकी हालत में अब सुधार बताया जा रहा है।
डेरे के बुलावे पर दिनेशपुर के जंगल से सटे गांव से करीब 18 अनुयायी सिरसा गए थे। इनमें से अधिकतर अनुयायी घर लौट आए थे, मगर गांव के लेखराज पुत्र सोमनथ और चंद्रपाल पुत्र स्व. हंसराज नहीं लौटे। एक अनुयायी ने बताया था कि दोनों को 25 अगस्त को पंचकूला कोर्ट के बाहर हुए उपद्रव के दौरान गोली लगी थी।
लेखराज से परिजनों का संपर्क फोन से हो गया था। उसके कंधे में गोली लगी थी और वह चंडीगढ़ के पीजीआई में भर्ती है। सूचना पर एसआई हरीश चंदोला के नेतृत्व में दो कांस्टेबल और प्रधान पति दो अन्य ग्रामीणों के साथ रविवार को चंडीगढ़ रवाना हो गए थे। सोमवार की सुबह एसआई चंदोला ने फोन पर चंद्रपाल की गोली लगने से मौत हो जाने की पुष्टि की।