प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगोलिया में गढ़वाल के एक लाल ने चाय पिलाई और इडली सांभर भी खिलाया। मोदी ने भी उसके साथ न सिर्फ फोटो खिंचवाया बल्कि उसे इनाम भी दिया।
चमोली जिले के नारायणबगड़ ब्लाक के दुर्गम गांव स्वान के फते सिंह और प्रतापी देवी की पांच संतानों में एक गबर सिंह नेगी मंगोलिया के ओलांग बतरा शहर में नमस्ते रेस्टोरेंट में दस वर्षों से सीनियर कुक है।
गबर सिंह ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मई के दूसरे पखवाड़े में मंगोलिया के दौरे पर आए थे। भारतीय दूतावास की ओर से 15 मई की शाम से 17 मई की सुबह तक प्रधानमंत्री के लिए भोजन तैयार करने और परोसने का कॉट्रैक्ट नमस्ते रेस्टोरेंट को दिया गया था।
भारतीय होने के नाते रेस्टोरेंट की ओर से यह जिम्मा उसे दिया गया। हालांकि प्रधानमंत्री मोदी के सामने जाने में पहले उसे घबराहट भी हुई लेकिन अपनों से मिलने की खुशी ने घबराहट को हावी नहीं होने दिया।