उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने द्वाराहाट के विधायक महेश नेगी पर आरोप लगाने वाली महिला और उसके पति को बालिका का डीएनए टेस्ट कराए जाने के मामले में समन भेजकर 27 अक्तूबर को आयोग में पेश होने का आदेश दिया है।
आयोग की सचिव झरना कमठान की ओर से इस संबंध में थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी को दिए आदेश में कहा कि द्वाराहाट के विधायक महेश नेगी पर आरोप लगाने वाली महिला एवं उसके पति पर गैरकानूनी रूप से बालिका का डीएनए टेस्ट कराए जाने का आरोप है।
इस मामले में शिकायतकर्ता बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व चेयरमैन हरि सिंह नेगी की ओर से कहा गया है कि विधायक पर आरोप लगाने वाली महिला और उसके पति ने बालिका का गैरकानूनी रूप से डीएनए टेस्ट कराया।
नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस से कहा गया है कि समन को तामिल कराते हुए आरोपियों को 27 अक्तूबर को आयोग में पेश कराया जाना सुनिश्चित करें। आयोग की ओर से पहले भी महिला को समन जारी किया गया था, लेकिन महिला आयोग में पेश नहीं हुई, न ही उसके द्वारा इस मामले में अब तक अपना पक्ष रखा गया है।