विधानसभा में भर्तियों पर अब भाजपा और कांग्रेस में पोल-खोल की होड़ मच गई है। पहले विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के कार्यकाल की 73 भर्तियों की सूची वायरल हुई। अब गोविंद सिंह कुंजवाल के कार्यकाल की 178 भर्तियों की सूची वायरल हो रही है।
प्रेमचंद अग्रवाल के कार्यकाल की वायरल सूची में कई बड़े नेताओं के परिचितों को विधानसभा में नौकरी देने की जानकारी शामिल है। इसके विरोध में कांग्रेस नेता विधानसभा पर प्रदर्शन भी कर चुके हैं। रविवार को कांग्रेस सरकार में विधानसभा अध्यक्ष रहे गोविंद सिंह कुंजवाल के कार्यकाल की सूची वायरल हुई।
भाजपा के नेताओं ने इस सूची को आधार बनाकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। इस सूची में कुंजवाल के बेटे, बहू सहित 13 नाते-रिश्तेदारों को भर्ती देने के साथ ही वह प्रार्थना पत्र भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें सीधे तदर्थ नियुक्ति के आदेश किए गए थे। दोनों दल एक-दूसरे की खिंचाई करने में लग गए हैं।