उत्तरकाशी जिले की तीन विधानसभा सीटों के लिए नौ उम्मीदवारों ने नामांकन कराया। नामांकन पत्र दाखिल करने वालों में गंगोत्री विस क्षेत्र से आप प्रत्याशी सेनि.कर्नल अजय कोठियाल, भाजपा प्रत्याशी दुर्गेश्वर व कांग्रेस प्रत्याशी मालचंद शामिल रहे।
गुरुवार को गंगोत्री विस क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी व सीएम चेहरा कर्नल अजय कोठियाल(सेनि.), आप नेता पुष्पा चौहान, बसपा प्रत्याशी बुद्धिलाल व निर्दलीय प्रत्याशी नवनीत उनियाल ने नामांकन कराया।
यमुनोत्री सीट से सत्यबहुमत पार्टी के प्रत्याशी विपिन कुमार व कांग्रेस से बगावत करने वाले संजय डोभाल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा। वहीं पुरोला विस क्षेत्र से कांग्रेस के मालचंद, भाजपा के दुर्गेश्वर व आम आदमी पार्टी के प्रकाश कुमार ने नामांकन कराया। जबकि नामांकन प्रक्रिया के सातवें दिन पुरोला से 3, यमुनोत्री से 5 और गंगोत्री से 32 सहित कुल 40 नामांकन पत्र बिके।
प्रदेश की जनता भाजपा के साथ: खजान दास
टिहरी में प्रतापनगर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नेगी और टिहरी विधानसभा सीट से यूकेडी प्रत्याशी उर्मिला महर ने नामांकन दाखिल किया। मसूरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी गोदावरी थापली ने नामांकन भरा। नरेंद्रनगर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुबोध उनियाल ने नामांकन दाखिल किया। देहरादून की रायपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी नवीन पिरशाली ने नामांकन कराया। राजपुर रोड सीट से विधायक खजान दास नामांकन कराने के लिए पहुंचे। इस दौरान उनके साथ अनिल गोयल समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
खजान दास ने कहा कि हम हर मुकाबले को चुनौती मानते हैं। इस बार पिछली बार से बड़ी जीत हासिल कर राज्य में सरकार बनाएंगे। खजान दास ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है। भाजपा के विकास कार्य और जनहित से जुड़ी लोक कल्याणकारी योजनाओं को जनता ने खूब पसंद किया है। इसी का नतीजा है कि इस बार भाजपा 60 पार के नारे के साथ मैदान में उतरी है।
कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार भी नामांकन करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य में बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। भाजपा को लोग पूरी तरह नकार चुके हैं और इस विधानसभा चुनाव में जनता का यह गुस्सा साफ देखा जा सकता है, जिसमें वह भाजपा को सत्ता से बाहर कर देंगे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के लोग कांग्रेस को सत्ता सौंपने का मन बना चुके हैं। पुरोला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी दुर्गेश्वर लाल ने भी गुरुवार को नामांकन कराया। टिहरी विधानसभा से उक्रांद प्रत्याशी उर्मिला महर और धनोल्टी सीट से भाजपा के बागी महावीर रंगड़ ने बतौर निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन कराया। नरेंद्रनगर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्यासी ओम गोपाल रावत और पौड़ी विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी नवल किशोर ने नामांकन दाखिल किया।