विधानसभा का आगामी बजट सत्र 12 जून को हो सकता है। शासन स्तर पर सत्र आहूत करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सरकार कैबिनेट की बैठक सत्र आहूत करने को लेकर प्रस्ताव ला सकती है।
सरकार बजट सत्र गैरसैंण में करेगी या देहरादून में इसे लेकर भी सरकार संभावनाएं तलाश रही है। इसका जायजा लेने के लिए जल्द ही संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत गैरसैंण का दौरा करेंगे।
बता दें कि प्रदेश सरकार लेखानुदान और जीएसटी के लिए विधानसभा का सत्र आहूत कर चुकी है। जीएसटी को लेकर आहूत सत्र का सत्रावसान नहीं हुआ है। सरकार को पूर्ण बजट के लिए सत्र आहूत करना है।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार 12 जून को बजट सत्र का आहूत कर सकती है। इसका एक प्रस्ताव आगामी कैबिनेट बैठक में लाया जा सकता है। मगर अभी यह तय नहीं हो पाया है कि बजट सत्र देहरादून विधानसभा में होगा या गैरसैंण में।
दरअसल, पिछली सरकार में विस संकल्प प्रस्ताव पारित हो चुकी है कि अगला बजट सत्र गैरसैंण होगा। लेकिन सरकार गैरसैंण में सत्र आहूत करने को लेकर अभी स्पष्ट नहीं है।
संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत के मुताबिक, पहले गैरसैंण में व्यवस्थाओं का आकलन किया जाएगा कि वहां व्यवस्थित ढंग से सत्र का आयोजन हो सकता है कि नहीं। वह जल्द ही इस संबंध में गैरसैंण जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद ही सरकार कोई निर्णय लेगी।