विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को शुरू हो गया। सोमवार को बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल बेबी रानी मौर्य राज्यपाल बनने के बाद पहली बार सदन में अभिभाषण किया। पहली बार अभिभाषण के लिए विधानसभा पहुंची राज्यपाल बेबी रानी मोर्या को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। त्रिवेंद्र सरकार का बजट 14 की जगह अब 15 फरवरी को सदन के पटल पर रखा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रुद्रपुर में प्रस्तावित रैली को देखते हुए 14 फरवरी को सदन नहीं चलेगा। कार्यमंत्रणा समिति ने रविवार को 11 से 15 फरवरी तक के कार्यक्रमों पर मुहर लगा दी थी। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल ने रविवार को सत्र की तैयारियों की समीक्षा की। सर्वदलीय बैठक में उन्होंने व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से सदन के संचालन के लिए सभी का सहयोग मांगा। जिस पर सभी प्रतिनिधियों ने सहयोग का भरोसा दिलाया।
15 फरवरी को इस वित्तीय वर्ष का बजट सदन में पेश किया जाएगा। कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में विधान सभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत, नेता प्रतिपक्ष डॉ.इंदिरा हृदयेश, गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रीतम सिंह मौजूद थे।
आर्थिक तौर पर पिछडे़ सामान्य वर्ग के लोगों के लिए 10 फीसदी आरक्षण का विधेयक बजट सत्र में लाया जाएगा। संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत के अनुसार, सदन के पटल पर पांच विधेयक रखे जाएंगे। ये विधेयक हैं, उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग धारा-3(ख) संशोधित विधेयक 2019, हिमालयीय विश्वविद्यालय विधेयक 2019, आर्थिक रूप से पिछडे़ वर्गों के लिए 10 फीसदी आरक्षण संबंधी विधेयक 2019, सोसायटी रजिस्टीकरण (उत्तराखंड संशोधन) विधेयक 2019 और भारतीय भागीदारी (उत्तराखंड संशोधन)विधेयक 2019।