बागवान-ललूड़ीखाल मोटर मार्ग पर कार के खाई में गिरने से दो लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों लोगों को खाई से निकालकर बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती करवाया है। थाना प्रभारी हिंडोलाखाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात ललूड़ी खाल के निकट कार बैक करते समय चालक नियंत्रण खो बैठा और कार लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
कार में ललूड़ीखाल निवासी स्वास्थ्य कर्मी वीर सिंह नेगी और प्रधानपति धीरेंद्र सिंह सवार थे। ललूड़ीखाल से सिर्फ 100 मीटर दूर यह दुर्घटना हुई है। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को गहरी खाई से निकाल कर बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों का बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है। वीर सिंह के सिर और चेहरे पर चोट आई। वहीं, धीरेंद्र की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है।