कहा, मांगों पर जल्द अमल न हुआ तो तेज करेंगे आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। प्रदेश के उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों का धरना, प्रदर्शन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। जिस पर सरकार के एस्मा लागू कर आंदोलन पर प्रतिबंध का कोई असर नहीं दिखा। कर्मचारियों ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द अमल न हुआ तो आंदोलन तेज करेंगे।
परेड ग्राउंड में एकत्र उपनल कर्मचारियों ने लंबित मांगों के लिए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार उनके हितों की अनदेखी कर रही है, विभिन्न विभागों में वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को बहुत कम मानदेय दिया जा रहा है। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया जा रहा है। जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है। काली सेना के संस्थापक एवं प्रमुख स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का किसी भी तरह का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि तीन दिन के भीतर कर्मचारियों की मांगे पूरी न हुई तो वह समस्त कार्यकर्ताओं के साथ देहरादून में धरना देंगे।
उपनल कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के संयोजक विनोद गोदियाल ने कहा कि कर्मचारी एस्मा लागू करने से डरने वाली नहीं है। सरकार आंदोलन को कुचलने के लिए यह सब कर रही, जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी आंदोलन जारी रहेगा। धरना देने वालों में प्रदेश संयोजक हरीश कोठारी, कार्यकारी अध्यक्ष महेश भट्ट, प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रदीप चौहान, संगठन मंत्री भूपेश नेगी, सागर ध्यानी, दशरथ धनंपुरी, अजय देव, प्रकाश, मनोज आदि मौजूद रहे।