यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के निर्देशों के तहत कार्मिकों के हित में कई काम हुए हैं। संगठनों के साथ हुई वार्ता के बाद, मानव संसाधन विभाग ने एक माह के भीतर विभिन्न संवर्गों के 27 पदों पर पदोन्नति, सहायक अभियंता व लेखाकार के 37 कार्मिकों के स्थायीकरण और 36 कार्मिकों को वित्तीय स्तरोन्नयन प्रदान करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
लगभग 450 लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों का भी प्रभावी निस्तारण किया गया है। युवाओं को रोजगार देने के मुख्यमंत्री के संकल्प के तहत, सीधी भर्ती के 75 सहायक लेखाकार पदों पर विज्ञप्ति जारी हो चुकी है, जबकि 115 अन्य रिक्त पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया तेजी से गतिमान है।