उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल)
- फोटो : UPCL वेबसाइट
उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी देने के मामले का संज्ञान लेते हुए यूपीसीएल प्रबंधन ने मीटर रीडर राजेंद्र रावत को नौकरी से निकाल दिया है। उसे उपनल को लौटा दिया गया है। यूपीसीएल एमडी पीसी ध्यानी ने कहा कि उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं होगा।
विद्युत वितरण खंड (उत्तर) देहरादून के अंतर्गत उपनल के माध्यम से कार्यरत मीटर रीडर राजेंद्र सिंह रावत के खिलाफ प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच कराई गई। प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित प्रकरण में उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग एवं वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। साथ ही अधिशासी अभियंता स्तर पर गठित जांच समितियों की ओर से प्रकरण की जांच की गई। जांच में संबंधित कर्मचारी की ओर से उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार अनुचित आचरण किए जाने संबंधी आरोपों की पुष्टि हुई। जांच आख्या के आधार पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रकरण उपनल को प्रेषित कर सूचित किया गया कि राजेंद्र रावत मीटर संविदा कर्मी उपनल को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर वापस कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें...उत्तराखंड राजनीति: हरिद्वार इस बार किस दल के लिए खोलेगा सत्ता के द्वार, भाजपा-कांग्रेस के सामने ये नई चुनौती
यूपीसीएल के एमडी पीसी ध्यानी ने स्पष्ट किया कि विभाग में उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, अभद्रता, अनावश्यक दबाव या अनुचित आचरण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विभाग ने समस्त उपभोक्ताओं से अपील की है कि विद्युत विभाग के किसी भी कर्मचारी की ओर से अनुचित व्यवहार, अभद्रता या अवैध धनराशि की मांग करने पर तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता या उच्चाधिकारियों को सूचित करें, जिससे समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।