-पदोन्नति न होने पर उत्तरांचल पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन के आंदोलन का पहला चरण शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। अधिशासी अभियंताओं के रिक्त पदों पर पदोन्नति न होने के विरोध में यूपीसीएल के इंजीनियरों ने काली पट्टी बांधकर काम किया। उत्तरांचल पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आंदोलन का पहला चरण शुरू कर दिया।
एसोसिएशन का कहना है कि यूपीसीएल में कई वर्षों से अधिशासी अभियंता के स्वीकृत 93 पदों में से लगभग 40 पद रिक्त चल रहे हैं, जिस पर पदोन्नति नहीं की जा रही है। दूसरी ओर, अनेकों अभियंताओं को एकाधिक अतिरिक्त कार्यभार देखना पड़ रहा है, जिससे कार्यदक्षता प्रभावित होने की प्रबल संभावना बनी हुई है। एसोसिएशन पदाधिकारियों के मुताबिक, हमेशा ही वार्ता कर, मुद्दों के निराकरण के पक्षधर रहे हैं। इस गंभीर मुद्दे पर भी कई वर्षों से वार्ता की जा रही है लेकिन इतने वर्षों के धैर्य के उपरांत पदोन्नति नहीं की जा रही है, जिससे एसोसिएशन के सदस्यों को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के सदस्यों का कहना है कि इस मुद्दे के अतिरिक्त अन्य मांगों जैसे नवनियुक्त सहायक अभियंताओं के प्रारंभिक वेतन वृद्धि, टैरिफ की सुविधा, नवनियुक्त सहायक अभियंताओं का स्थायीकरण, सहायक अभियंताओं का कोटा 58.33% किया जाना पर भी कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है। चेताया कि जल्द ही पदोन्नति नहीं की गई तो नोटिस के अनुसार समस्त सदस्यों को अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इसके लिए यूपीसीएल प्रबंधन पूर्ण रूप से जिम्मेदार होगा।