फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unlock 5.0 in Uttarakhand : त्योहारी सीजन नजदीक आने के साथ धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा टू व्हीलर मार्केट

Thu, 15 Oct 2020 01:03 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : CredR
विज्ञापन

पहले कोरोना और फिर मलमास व श्राद्ध पक्ष ने टू व्हीलर मार्केट पर ब्रेक लगा दिए थे, लेकिन अब त्योहारी सीजन नजदीक आने के साथ-साथ टू व्हीलर सेक्टर भी रफ्तार पकड़ रहा है। ज्यादातर एजेंसियों में पिछले साल की तुलना में ग्राहकों की संख्या बेहद कम है। बावजूद इसके उन्हें उम्मीद है कि त्योहार में इस सेक्टर में आई सुस्ती काफी हद तक दूर हो सकती है। 

विज्ञापन


बिक्री बढ़ने को लेकर इस सेक्टर से जुड़े कारोबारियों के अपने-अपने तर्क हैं। उनका मानना है कि त्योहारी सीजन पिछले लंबे समय से चले आ रहे ब्रेकडाउन को ठीक करने में मददगार साबित होगा। पिछले साल के आंकड़े बेहद उत्साहजनक रहे, लेकिन इस साल बाजार में कई तरह के बदलाव हैं।

ज्यादातर ऑटो कंपनियां भी त्योहारों को लेकर तैयार हैं। ग्राहकों को लुभाने के लिए टू व्हीलर्स पर कई तरह के ऑफर और स्कीम भी दे रहे हैं ताकि बिक्री में बढ़ोतरी हो सके।
विज्ञापन


कोरोना के बाद जब मार्केट खुला तो मलमास और श्राद्ध पक्ष आ गया। इससे शुरुआत में मार्केट एकदम ठंडा रहा, लेकिन अब त्योहारों के नजदीक आने के साथ ही सकारात्मक चीजें हो रही है। इन दिनों हमारे पास इंक्वायरी के लिए लगभग तीन गुना ग्राहक पहुंच रहे हैं। पिछले साल 32 दिन के फेस्टिव सीजन में हमने करीब 1800 गाड़ियां बेची थीं। इस साल हम करीब दो हजार गाड़ियां बेचने का लक्ष्य है। त्योहारों के समय ज्यादातर लोग वाहन खरीदना पसंद करते है। इसके कई कारण हैं। एक तो इस समय वाहन खरीदना शुभ माना जाता है। दूसरा बाजार में ग्राहकों के लिए कई तरह के ऑफर और स्कीम भी होते हैं। नवरात्र के लिए अभी करीब 300 ग्राहक हैं, जो वाहन खरीदने के लिए बातचीत कर रहे हैं। हालांकि अभी बुकिंग कुछ कम है, लेकिन अगले कुछ दिनों में संख्या बढ़ने की संभावना है।
-लक्षित बत्ता, सान्वी ऑटो

पिछले साल की तुलना में वाहनों की इंक्वायरी और बुकिंग बेहद कम है। इस साल अभी हमारी बिक्री करीब 30 से 40 फ़ीसदी कम रही  है। हालांकि त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजार में ग्राहक भी बढ़ रहे हैं। अब वाहनों की बुकिंग भी शुरू हो गई है। पिछले साल श्राद्ध के बाद सीधे फेस्टिव सीजन था। श्राद्ध पक्ष में लोग वाहन बुक नहीं कराते। इसलिए उस समय फेस्टिव सीजन में बिना बुकिंग के काफी वाहन बिके थे। इस बार बुकिंग ज्यादा हो रही है। लोग त्योहारों पर नया वाहन खरीदने के लिए बुकिंग करा रहे हैं। हमें भी नवरात्र, धनतेरस और दीवाली से काफी उम्मीद है। पिछले साल हमने फेस्टिव सीजन में करीब 1200 गाड़ियां बेची थीं।
-अक्षय दहिया, डायरेक्टर, डीएस होंडा

कोरोना का डर लोगों के मन से अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। यही कारण है कि लोग वाहनों के संबंध में पूछताछ के लिए शोरूम भी बेहद कम आ रहे हैं। ज्यादातर लोग फोन पर ही जानकारी ले रहे हैं। इसके कारण बुकिंग भी बेहद कम हो रही है। आमतौर पर लोग शोरूम में वाहन पसंद करने के बाद ही उसकी बुकिंग कराते हैं। जब लोग शोरूम कम आएंगे तो स्वाभाविक है बुकिंग भी कम होगी। पिछली बार श्राद्ध पक्ष के बाद सीधे फेस्टिवल सीजन शुरू हो गया था। इस बार काफी दिन का अतिरिक्त समय है, लेकिन कोरोना के कारण मार्केट डाउन है। पिछले साल त्योहारी सीजन में हमने 1144 गाड़ियां बेची थीं। इस बार भी उम्मीद है कि मार्केट एकदम से तेजी पकड़ेगा और ग्राहक आएंगे।
-राजेश भाटिया, ओनर, दून मोटर्स

त्योहारी सीजन को लेकर हम लोग बहुत ज्यादा उत्साहित नहीं हैं। कोरोना के कारण टू व्हीलर इंडस्ट्री के ग्राहकों की आय पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। बहुत से लोगों की नौकरियां छूट गई हैं। रोजगार खत्म हो गए हैं। लोगों के पास पैसा नहीं रह गया है। यह सब लोग टू व्हीलर के ग्राहक हुआ करते थे। आमतौर पर लोअर और मिडिल क्लास का आदमी अपनी जरूरत के लिए टू व्हीलर खरीदता है। यह कोई लग्जरी आइटम नहीं है, लेकिन इस वक्त जब पैसा नहीं है तो टू व्हीलर खरीदना भी बेहद मुश्किल है। पिछले साल पूरे त्योहारी सीजन में हमने करीब 250 गाड़ियां बेची थीं। इस साल 150 से 200 गाड़ियां बिकने की उम्मीद है। इंक्वायरी बहुत कम आ रही है और बुकिंग भी नाममात्र की है। अब त्योहारों से पहले एकदम कुछ हो जाए तो बात अलग है।
-पुनीत अरोड़ा, ओनर, कनक टीवीएस

अपने वाहन की जरूरत बढ़ी 

कोरोना संकट के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को अपनी गाड़ी की अहमियत समझ आई है। अब लोग कम से कम एक दो पहिया वाहन जरूर लेना चाहते हैं ताकि किसी भी तरह की इमरजेंसी में आवाजाही पर असर ना पड़े। कोरोना के दौरान भी सार्वजनिक परिवहन बंद होने से उन लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी, जिनके पास अपने वाहन नहीं थे। लोअर और मिडिल क्लास आदमी टू व्हीलर अफोर्ड कर सकता है। हो सकता है पैसा कम होने के कारण लोग तुरंत वाहन ना खरीद पाएं, लेकिन ये सच है कि भविष्य में इस पहलू को ध्यान में रखते हुए बहुत से लोग वाहन खरीदेंगे।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें