प्रदेश सरकार ने अनलॉक के दौरान छूट में ढील देते हुए रविवार को होने वाली साप्ताहिक बंदी को समाप्त कर दिया है। जिसके बाद अब विकासनगर क्षेत्र में पूर्व की व्यवस्था के तहत शनिवार को ही साप्ताहिक बंदी रहेगी। मंगलवार को एसडीएम सौरभ असवाल ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। यह आदेश पूरे तहसील क्षेत्र के व्यापारियों पर लागू होंगे।
एसडीएम ने आदेश में कहा कि साप्ताहिक बंदी के दौरान सभी दुकानें पूर्णत: बंद रहेंगी। इस दौरान सिर्फ मेडिकल, डेयरी, फल, सब्जी की दुकानें और पेट्रोल पंप को खोलने की इजाजत रहेगी। इसके अतिरिक्त यदि कोई दुकानदार अपनी दुकान खोलता है तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, विकासनगर व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरजीत सिंह, हरबर्टपुर मंडल अध्यक्ष ऋषभ अग्रवाल, सेलाकुई मंडल अध्यक्ष चैतन्य अनिल गौड़, जिला महामंत्री अनिल जैन और डाकपत्थर व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजमोहन गुप्ता ने सभी व्यापारियों से आदेशों का अनुपालन करने की अपील की है।
मालूम हो कि पूर्व तक क्षेत्र में शनिवार को साप्ताहिक बंदी रहती थी, लेकिन महामारी को देखते हुए रविवार को भी साप्ताहिक बंदी होने लगी थी। एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि साप्ताहिक बंदी के दौरान यदि कोई छूट में शामिल दुकानों के अतिरिक्त अन्य दुकान खोलता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।