केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों ने जून माह में यात्रा संचालन की अनुमति नहीं देने की मांग की है। कहा कि कोरोना संक्रमण के बाद स्थिति सामान्य होने पर ही यात्रा का संचालन किया जाए। उन्होंने प्रशासन से भगवान भैरवनाथ के मंदिर में यज्ञ-हवन की अनुमति देने की मांग की। इस मौके पर देवस्थानम बोर्ड को भंग करने समेत अन्य मांगों को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा।
जिलाधिकारी वंदना सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में तीर्थपुरोहितों ने कहा कि हो सके तो सितंबर माह के बाद यात्रा शुरू की जाए और धाम में अपने भवनों व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को ठीक करने के लिए उचित समय दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उन्हें विश्वास में लिए बगैर देवस्थानम बोर्ड का गठन किया गया है, जो अनुचित है। सरकार की ओर से चारधामों में ऑनलाइन पूजा कराई जा रही है, जिससे उनके आर्थिक हित भी प्रभावित हो रहे हैं।