अगर आप भी किसान हैं और खेतों में जानवरों के आतंक से परेशानी हैं तो यह खबर आपके लिए है। बाजार में एक नए तरह की हाईटेक मशीन आई है जो जानवरों के आतंक से फसल को बचाएगी।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत एक किसान फसल रक्षक मशीन की मदद से खेतों में खड़ी फसल को जंगली जानवरों से बचा रहा है। इस मशीन की खूबी यह है कि बेहद कम लागत में कई एकड़ खेतों को जानवरों से बचाया जा सकता है। विभाग अब इस मशीन को तराई प्रभाग के साथ ही दूसरी डिवीजनों में भी इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत काशीपुर के भोगपुर डैम निवासी किसान दर्शन सिंह ने फसलों की रक्षा के लिए फसल रक्षक मशीन इस्तेमाल कर रहा है। बैट्री से चलने वाली इस मशीन की लागत सोलर तार बाड़ से 90 गुना तक कम है।
दर्शन सिंह के मुताबिक 10 एकड़ के खेत में महज 50 हजार की लागत में मशीन और तार बाड़ कर दी गई। वहीं मशीन बैट्री से संचालित होती है इसलिए वन्य जीवों को बिजली का झटका तो महसूस होता है लेकिन यह जानलेवा नहीं है। इस मशीन की बैट्री सौर ऊर्जा और बिजली से चार्ज करने की व्यवस्था है।