मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने मेले का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रोजगार मेले के जरिए युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करना चाहती है। मेले में अधिक से अधिक कंपनियों को आमंत्रित किया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मौका मिल सके।
युवाओं को मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, विधायक विनोद चमोली व मेयर सुनील उनियाल गामा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष पंकज गुप्ता, सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, अपर सचिव डॉ. अहमद इकबाल, निदेशक जेएस नगन्याल, उपनिदेशक चंद्रकांता, उपनिदेशक अजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता सिंह, सेवायोजन अधिकारी विनीता बडोनी, प्रवीन गोस्वामी, उमेश चंद्र डोभाल, इम्पलॉयमेंट काउंसलर रोहित फर्त्याल आदि उपस्थित रहे।
दोपहर 12.30 बजे जिलाधिकारी सी रविशंकर भी रोजगार मेले में पहुंचे और विभागीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनियों की चयन प्रक्रिया का जायजा लिया। कई युवाओं से बातचीत कर फीडबैक लिया।
कई युवा हुए निराश
राकेश सिंह (हरिद्वार रोड), राकेश सिंह (सिंहनीवाला, शिमला बाईपास) ने कहा कि वे डिलीवरी सर्विस और मार्केटिंग के लिए इंटरव्यू देने गए थे, लेकिन नियोजकों ने इंटरव्यू नहीं लिया। उनसे कारण पूछा गया तो कहा गया कि यहां रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं। इंटरव्यू देना है तो कंपनी में आना होगा। उसके बाद उन्होंने दूसरी कंपनियों का रुख किया।